ऑस्कर 2027 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी 'गोंधल', धुरंधर- हनुमान अंश को छोड़ा पीछे

खबर सार :-

Oscars 2027: फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने मराठी फिल्म 'गोंधल' को 99वें एकेडमी अवार्ड्स (Oscars 2027) के लिए भारत की पहली और आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना है।
Oscar 2027 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी 'गोंधल', हनुमान अंश को छोड़ा पीछे

खबर विस्तार : -

Gondhal Movie Oscar 2027 Entry: ऑस्कर 2027 में कौन-सी फिल्म भारत का प्रतिनिधित्व करेगी इसका फैसला हो गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई में इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार कोई बॉलीवुड नहीं बल्कि  मराठी फिल्म ‘गोंधल’(Gondhal) को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना है। संतोष डावखर के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। हालांकि इस बार ऑस्कर की रेस में भारत की तरफ से हनुमान अंश, धुरंधर, बॉर्डर-2 समेत 33 फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला था। जिसमें मराठी फिल्म गोंधल ने बाजी मार ली। यह मराठी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक पल है।

क्या है फिल्म की कहानी

फिल्म की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की सदियों पुरानी पारंपरिक गोंधल रस्म पर आधारित है। गोंधल रात भर चलने वाला एक लोक-प्रदर्शन है, जिसमें संगीत, नृत्य और पौराणिक कथाओं का अनोखा संगम देखने को मिलता है। इस फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में इशिता देशमुख ने सुमन का किरदार निभाया है, एक ऐसी महिला जिसका अतीत शादी के बाद भी उसका पीछा नहीं छोड़ता। इस स्थिति से बचने के लिए वह एक खतरनाक योजना बनाती है। फिल्म की कहानी लालच, धोखे और अपराध को जो अक्सर संस्कृति और परंपरा की आड़ में छिपे होते हैं एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर के नजरिए से पेश करती है।

33 फिल्मों को छोड़ा पीछे

मराठी फिल्म गोंधल को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। इस साल भारत की ओर से ऑस्कर में एंट्री पाने के लिए 33 फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर थी। इस दौड़ में  बॉर्डर 2, धुरंधर, डुग डुग, हक, मैं वापस आऊंगा, भामरडो, 120 बहादुर, सिंग गीतम, तेरा मेरा नाता, लड्डू, ओह माय डॉग, बालन द बॉय, पेद्दी, इरुमुडी, खुंटा, गांधी टॉक्स, बाइसन कलामदन, शेप ऑफ मोमो, गवर्नर, 2020 दिल्ली, कमांडो विन लव स्टोरी, प्रवास और इक्कीस जैसी कई अहम फिल्में शामिल थीं। इन सभी दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए जूरी ने गोंधल को चुना।

अनाउंसमेंट के समय FFI चेयर पर्सन अभय सिन्हा, सेक्रेटरी धर्मेंद्र मेहरा, ट्रेजरर संग्राम शिर्के, टीपी अग्रवाल, वाइस प्रेसिडेंट हीराचंद, निशांत उज्ज्वल और अध्यक्ष पी शेषाद्री उपस्थित थे। इसके अलावा कुल 14 लोगों की टीम सिलेक्शन प्रोसेस के लिए बनाई गई थी।

ये भी पढ़ेंः- Bigg Boss 20: खाने के लेकर माही विज-आम्रपाली दुबे में हुई भयंकर लड़ाई, इमोशनल हुईं दोनों एक्ट्रेस

फिल्म का बजट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

कम बजट और सीमित संसाधनों में बनी गोंधल 14 नवंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म को IMDb पर 8.9 रेटिंग मिली है, जिससे जाहिर है कि फिल्म की कहानी शानदार है। क्रिटिक्स ने भी इस फिल्म को काफी सराहा है। हालांकि  तारीफ मिलने के बावजूद, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई।  सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में करीब 84 लाख रुपये नेट और लगभग 90 लाख रुपये ग्रॉस का कलेक्शन किया था। 

फिल्म के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर, जिसे दिग्गज इलैयाराजा ने तैयार किया है, की विशेष रूप से प्रशंसा की गई है। इसमें किशोर कदम, इशिता देशमुख और योगेश सोहोनी मुख्य भूमिकाओं में हैं। ऑस्कर के लिए चुने जाने के बाद गोंधल एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। इससे पहले इस फिल्म ने 2025 में गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में बेस्ट डायरेक्टर के लिए सिल्वर पीकॉक अवॉर्ड जीता था।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह बनाने की होगी चुनौती

गौरतलब है कि ऑस्कर की दौड़ में भारत की ओर से गोंधल की एंट्री, क्षेत्रीय सिनेमा की बढ़ती ताकत और उसकी कहानियों की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाती है। अब 'गोंधल' के लिए अगली चुनौती अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खास जगह बनाना है। भारत से चुने जाने के बाद, यह फिल्म अब ऑस्कर चयन प्रक्रिया के अगले चरणों की ओर बढ़ेगी।  पिछले साल फिल्म होमबाउंड को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजा गया था। फिल्म में ईशान खट्टर और विशाल जेठवा मुख्य भूमिकाओं में थे। यह फिल्म अभी तक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है। यह चयन मराठी सिनेमा के लिए भी अहम है; श्वास (2005), हरिश्चंद्राची फैक्ट्री (2009) और कोर्ट (2015) के बाद, गोंधल ऑस्कर के इतिहास में भारत की आधिकारिक एंट्री बनने वाली चौथी मराठी फिल्म है।

FAQ...

1. ऑस्कर 2027 में भारत की ओर से किस फिल्म को भेजा गया है?

ऑस्कर 2027 में भारत की ओर से मराठी फिल्म 'गोंधल' को भेजा गया।

2. फिल्म 'गोंधल' को किस ऑस्कर कैटेगरी के लिए चुना गया है?

गोंधल को 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' कैटेगरी के लिए चुना गया।

3. ऑस्कर एंट्री की रेस में 'गोंधल' ने किन बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ा?

ऑस्कर एंट्री की रेस में 'गोंधल' ने इस साल की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' और स्लीपर हिट 'हनुमान अंश' जैसी कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ा। 

4. फिल्म गोंधक के लेखक और निर्देशक कौन हैं?

फिल्म गोंधक के लेखक और निर्देशक संतोष डावखर हैं।

ये भी पढ़ेंः- Lalbaugcha Raja: 'लालबागचा राजा' के दर्शन कर रणवीर सिंह ने लिया 1000 लड़कियों को पढ़ाने का संकल्प

अन्य प्रमुख खबरें