अभिनेता इमरान खान की बढ़ी मुश्किलें, 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी

खबर सार :-

मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को एक नोटिस जारी कर 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। इमरान पर अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप है, जहां CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी।
अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस जारी

खबर विस्तार : -

Actor Imran Khan: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे एक्टर इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई पुलिस ने अब अभिनेता को एक नोटिस जारी कर 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। इमरान ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए सीजेपी प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्हें हिरासत में भी लिया था। अब इमरान खान के खिलाफ 'इमिग्रेशन एंड फॉरेन एक्ट' (Immigration and Foreigners Act) की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्हें इस नोटिस की एक प्रति मिल चुकी है।

क्या है पूरा मामला

बता दें कि यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन में उनके शामिल होने के बाद की गई है। जहां 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक विरोध प्रदर्शन हुआ था। यह प्रदर्शन दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेतृत्व में चल रहे एक आंदोलन के समर्थन में था। प्रदर्शनकारी 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) प्रक्रिया से जुड़े विवाद को लेकर CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

इमरान खान भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले भी लिया था।  इस दौरान, इमरान को पुलिस की गाड़ी में ले जाते हुए कुछ वीडियो सामने आए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। हालांकि, कुछ समय बाद अभिनेता को रिहा कर दिया गया था।  हालांकि मुंबई पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। 

जिसके बाद 'इमिग्रेशन एक्ट' के तहत उन पर कार्रवाई की गई है। अब अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है। पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए हुई है क्योंकि इमरान भारतीय नागरिक नहीं हैं, फिर भी भारत में रहते हुए उन्होंने एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने किया था इमरान का विरोध

इससे पहले, अभिनेता के एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने अपनी नाराजगी जताई थी। उन्होंने आव्रजन अधिकारियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अभिनेता के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' (LOC) जारी करने की मांग की। सोमैया ने कहा था कि OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्ड धारक या कोई भी विदेशी नागरिक भारत की घरेलू राजनीतिक गतिविधियों और प्रदर्शनों में शामिल नहीं हो सकता।  उन्होंने मुंबई पुलिस से इस मामले की गहन जांच करने और अभिनेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया था, साथ ही यह भी मांग की कि उन्हें भारत छोड़ने की अनुमति न दी जाए।

ये भी पढ़ेंः- देश में खतरनाक स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे राहुल और सीजेपी नेता, कामयाब नहीं होने देंगे मंसूबेः नितिन नवीन

भारतीय नागरिक नहीं है इमरान खान

बता दें कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं। उनका जन्म विस्कॉन्सिन अमेरिका में हुआ था। इसलिए, उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट के साथ-साथ 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (OCI) कार्ड भी है। दरअसल  OCI कार्ड भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारत में रहने और कई सुविधाओं का लाभ उठाने की अनुमति देता है, लेकिन यह पूर्ण भारतीय नागरिकता नहीं है। इसलिए जो लोग भारतीय नागरिक नहीं हैं, उन्हें भारत के भीतर विरोध प्रदर्शनों में भाग लेने की अनुमति नहीं है। ऐसा करने पर उनके खिलाफ 'इमिग्रेशन एक्ट' (प्रवास अधिनियम) के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

इसी के तहत इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है। उन्होंने यह नोटिस मिलने की बात स्वीकार भी कर ली है। हालांकि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले, इमरान खान ने दुनिया के सामने अपना पक्ष रखा था। उन्होंने कहा था कि, "मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूं। मैं ये देखने आया हूं कि आखिर क्यों लोगों के आने-जाने की आजादी पर रोक लगाई जा रही है, क्यों उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इमरान खान इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और पुलिस आगे क्या कदम उठाती है।

ये भी पढ़ेंः- 'क्या आप अब भी वर्जिन हो ? करण जौहर के सवाल पर सलमान खान ने दिया करारा जवाब

अन्य प्रमुख खबरें