ICC Rankings: अभिषेक के सिर सजा नंबर वन टी20 बल्लेबाज का ताज, मार्को जानसेन ने छीनी स्टार्क की बादशाहत

खबर सार :-

न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगन में 113 रनों की धमाकेदार पारी खेलने के बाद अभिषेक शर्मा आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन टी20 बल्लेबाज बन गए हैं। आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजी और आलराउंडर की रैंकिंग में मार्को जानसेन ने नंबर वन पोजिशन हासिल की है।
आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन टी20 बल्लेबाज बनें अभिषेक शर्मा

खबर विस्तार : -

ICC Rankings: अभिषेक के सिर सजा नंबर वन टी20 बल्लेबाज का ताज, जानसेन बनें नंबर वन गेंदबाज-आलराउंडर 
ICC Rankings: भारत के ओपनिंग बैट्समैन अभिषेक शर्मा को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीसरे T20 में उनकी ज़बरदस्त सेंचुरी का इनाम ICC T20 रैंकिंग में मिला है। अभिषेक दुनिया के नंबर एक T20 बैट्समैन बन गए हैं। अभिषेक ने ईशान किशन को पीछे छोड़कर नंबर एक पोजीशन हासिल की है। साउथ अफ़्रीका के मार्को जानसेन टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक बॉलर और ऑलराउंडर बन गए हैं। गकेबेरहा में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट में साउथ अफ़्रीका की जीत में जानसेन का प्रदर्शन शानदार रहा। जिसके चलते वह पहली बार करियर में टेस्ट गेंदबाजी व आलराउंडर की दोनों कैटेगरी में नंबर वन पायदान पहुंचे हैं। बाएं हाथ के इस प्रोटियाज आलराउंडर ने दक्षिण की पहली पारी में शानदार 85 रन बनाए और 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की हार सुनिश्चित कर दी। 

टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में रवींद्र जडेजा को छोड़ा पीछे 

बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन के चलते 26 साल के जानसेन ने टेस्ट बैट्समैनों की रैंकिंग में 13 पायदान की छलांग लगाई और 56वें ​​नंबर पर पहुंच गए। वहीं, गेंदबाजी में 5 विकेट लेने के साथ ही टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क से आगे निकल गए। वह टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत के रवींद्र जडेजा को पीछे छोड़कर एक पायदान ऊपर आ गए हैं। जडेजा चार साल से ज़्यादा समय से टेस्ट ऑलराउंडरों की लिस्ट में टॉप पर हैं। जानसेन की यह छलांग ऐसे समय में आई है जब हाल ही में साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ डेल स्टेन ने उन्हें "दुनिया का सबसे अच्छा क्रिकेटर" बताया था। 

टी20 रैंकिंग में अभिषेक बनें नंबर वन

अभिषेक ने मंगलवार को वेलिंगटन में सीरीज़ के तीसरे मैच में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ ज़बरदस्त सेंचुरी बनाकर T20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भी टॉप जगह वापस पा ली है। बाएं हाथ के बैट्समैन ने सिर्फ़ 35 बॉल में सेंचुरी पूरी की और 38 बॉल में 113 रन बनाए। अभिषेक की पारी की बदौलत इंडिया ने 6 विकेट से जीत हासिल की और सीरीज़ पर कब्जा जमाया। अपनी इस शानदार पारी के दम पर अभिषेक अपने साथी प्लेयर ईशान किशन को पीछे छोड़कर टॉप पर पहुंचे हैं। इससे पहले, ईशान किशन ने इस साल जुलाई में आयरलैंड के खिलाफ अपने शानदार प्रदर्शन के बाद अभिषेक से नंबर एक की जगह छीन ली थी। अभिषेक पहली बार जुलाई 2025 में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड को पीछे छोड़कर T20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे थे। 

आईसीसी के टॉप 5 टी20 बल्लेबाज 

अभिषेक शर्मा (इंडिया)- 829 रेटिंग्स
ट्रेविस हेड (ऑस्ट्रेलिया)- 814 रेटिंग्स
तिलक वर्मा (इंडिया)- 804 रेटिंग्स
फिल साल्ट (इंग्लैंड)- 791 रेटिंग्स
जोस बटलर (इंग्लैंड)- 772 रेटिंग्स

ये भी पढ़ें- दिलशान मुदशंका के आगे पस्त हुआ पाकिस्तान, श्रीलंका ने कटाया फाइनल का टिकट, इंग्लैंड हुआ बाहर

179 रनों की पारी से दूसरी पायदान पर पहुंचे बावुमा 

गकेबेरहा टेस्ट में 179 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले प्रोटियाज कैप्टन टेम्बा बावुमा टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस पारी की बदौलत उन्हें टेस्ट रैंकिंग में बहुत फायदा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने जाने के बाद, उन्हें टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में चार स्थान का फायदा हुआ है। बावुमा के 179 रनों ने साउथ अफ्रीका को सीरीज में 1-1 की बराबरी का मौका दिया। बावुमा से आगे अब सिर्फ इंग्लैंड कप्तान हैरी ब्रूक हैं। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड शानदान प्रदर्शन के चलते टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में तीन स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में 15 पायदान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर आ गए हैं। भारत के संजू सैमसन T20 बैटिंग रैंकिंग में छह पायदान ऊपर चढ़कर 20वें नंबर पर आ गए हैं, जबकि न्यूज़ीलैंड के फिन एलन तीन पायदान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर आ गए हैं। T20 बॉलिंग रैंकिंग में न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर सात पायदान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गए हैं, जबकि भारत के अर्शदीप सिंह छह पायदान ऊपर चढ़कर 15वें नंबर पर आ गए हैं।

डकेट, ब्रूक को वनडे रैंकिंग में हुआ फायदा

पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच चल रही ट्राई-सीरीज़ में भी ओडीआई रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला है। इंग्लैंड के बेन डकेट और हैरी ब्रूक को एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में फ़ायदा हुआ है। पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शाहीन अफ़रीदी वनडे बॉलिंग रैंकिंग में दो पायदान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गए हैं, जबकि अफ़गानिस्तान के अज़मतुल्लाह उमरज़ई 13 पायदान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गए हैं। नामीबिया के स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज़ नौ पायदान ऊपर चढ़कर आठवें नंबर पर आ गए हैं। अफ़गानिस्तान के अनुभवी आलराउंडर मोहम्मद नबी ने वनडे ऑल-राउंडर रैंकिंग में अपनी पोजिशन में सुधार किया है। वह पांच पायदान की छलांग लगाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

ये भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा ने तोड़ा कोहली का 'विराट' रिकॉर्ड, टी-20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बने

अन्य प्रमुख खबरें