BAN vs WI: दूसरे दिन के खेल की समाप्ति पर वेस्टइंडीज ने बनाए 4 विकेट पर 134 रन, बांग्लादेश से अभी 138 रन पीछे

खबर सार :-

बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर वेस्टइंडीज टीम ने बांग्लादेश के 272 रनों के जवाब में 4 विकेट पर 134 रन बना लिए हैं। बांग्लादेश की ओर से शादमान इस्लाम ने शतक लगाया जबकि वेस्टइंडीज के जोमेल वारिकन ने 5 विकेट चटकाया।
बांग्लादेश के 272 रन के जवाब में वेस्टइंडीज ने 4 विकेट पर बनाए 134 रन

खबर विस्तार : -

BAN vs WI: बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज ने 4 विकेट पर 134 रन बना लिए थे। वेस्टइंडीज की टीम बांग्लादेश के पहली पारी के स्कोर से अभी भी 138 रन पीछे है और उसके 6 विकेट शेष हैं। शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन वेस्टइंडीज के लिए जॉन कैंपबेल और ब्रैंडन किंग ने पारी की शुरुआत की। पहले विकेट के लिए दोनों ओपनर ने 29 रन जोड़े। ब्रेंडन किंग 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद क्रीज पर आए टैगेनारिन चंद्रपॉल ने कैंपबेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की अहम साझेदारी निभाई। जॉन कैंपबेल इस बीच अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वह 78 गेंदों पर 54 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद खेलने आए केवम हॉज 7 और आमिर जंगू बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। 

शादमान इस्लाम ने खेली 105 रनों की शतकीय पारी 

खेल की समाप्ति पर चंद्रपॉल 43 और जस्टिन ग्रीव्स 15 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच अब तक 37 रन की अटूट साझेदारी हो चुकी है। बांग्लादेश की ओर से ताईजुल इस्लाम ने 2, जबकि हसन महमूद और मेहदी हसन मिराज ने 1-1 विकेट चटकाए हैं। इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने वाली बांग्लादेश की टीम 272 रनों पर आलआउट हो गई। बांग्लादेश के लिए शादमान इस्लाम ने शानदार शतकीय पारी खेली। शादमान ने 234 गेंदों पर 105 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा तौहीद ह्दय ने 42 और लिटन दास ने 34 रनों का योगदान दिया। इसके अतिरिक्त कोई भी बल्लेबाज रन नहीं बना पाया। खासकर टीम के निचले क्रम के बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। बांग्लादेश टीम के आखिरी 5 विकेट मात्र 20 रन जोड़कर आउट हो गए। 

जोमेल वारिकन ने चटकाए 5 विकेट 

वेस्टइंडीज टीम की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। इसके अलावा जोशुआ बिशप और शमार जोसेफ ने 2-2, जबकि जायडेन सिल्स ने 1 विकेट लिया। अभी वेस्टइंडीज की टीम बांग्लादेश की पहली पारी के स्कोर से 138 रन पीछे है। तीसरे दिन के खेल में वेस्टइंडीज टीम बांग्लादेश का स्कोर बराबर करने और उसके बाद बड़ी बढ़त बनाने की कोशिश करेगी। वहीं, बांग्लादेश की टीम वेस्टइंडीज के अंतिम 6 विकेट जल्दी चटकाकर बढ़त बनाने की कोशिश करेगी। 

ये भी पढ़ें- England vs Sri Lanka: लाहौर में बेन डकेट का ऐतिहासिक शतक, इंग्लैंड ने श्रीलंका को दिया 387 रनों का टारगेट

अन्य प्रमुख खबरें