Asian Games 2026: बांग्लादेश को हराकर पाकिस्तानी महिला टीम ने जीता ब्रॉन्ज, फातिमा सना ने खेली तेज तर्रार पारी

खबर सार :-

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका से 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब ब्रॉन्ज़ मेडल मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हरा दिया।
Asian Games 2026: बांग्लादेश को हराकर पाकिस्तान ने जीता ब्रॉन्ज

खबर विस्तार : -

PAKW vs BANW Asian Games 2026: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। जापान के कोरोजी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रनों से करारी सिकस्त दी। पाकिस्तान द्वारा दिए गए 146 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, बांग्लादेशी टीम अपने तय 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर सिर्फ 114 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की इस जीत में कप्तान फातिमा सना और उम्म ए हानी ने अहम योगदान दिया। फातिमा ने जहां 45 रनों की तेज तर्रार पारी खेली वहीं उम्म ए हानी ने 3 विकेट झटके।

फातिमा सना की कप्तानी पारी

कोरोजी स्पोर्ट्स पार्क में हुए मैच में, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने 20 ओवरों में 8 विकेट पर कुल 145 रन बनाए। कप्तान फातिमा सना ने सबसे ज्यादा 45 रनों की पारी खेली; अपनी 30 गेंदों की पारी में उन्होंने 3 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके अलावा, गुल फिरोजा ने 23 गेंदों में 31 रन, आलिया रियाज ने 22 गेंदों में 25 रन और सवाल जुल्फिकार ने 17 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए नाहिदा अख्तर, शोर्ना अख्तर और रितु मोनी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि संजीदा ने एक विकेट लिया।

114 रन ही बना सकी बांग्लेदश की टीम

146 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, बांग्लादेश की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट पर सिर्फ 114 रन ही बना सकी और 31 रनों से मैच हार गई। इस हार के साथ, बांग्लादेश ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका चूक गया। शर्मिन अख्तर बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, जो 45 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद रहीं, हालाँकि उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज निगार सुल्ताना ने 25 रन बनाए, जबकि दिलारा अख्तर और नाहिदा अख्तर ने क्रमशः 12 और 10 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सका।

ये भी पढ़ेंः- Asian Games 2026 में भारत ने खोला खाता, 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में जीते दो रजत पदक

उम्म ए हानी की खतरनाक गेंदबाजी  

पाकिस्तान की जीत की सबसे बड़ी वजह उसकी गेंदबाजी रही। पाकिस्तान के लिए उम्म ए हानी ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवरों में 10 रन देकर 3 विकेट लिए। तस्मिना रुआब, कप्तान फातिमा सना, नशरा संधू और आयशा जफर ने एक-एक विकेट लिया। एशिया कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा था; ऐसे में, एशियाई खेलों में मिला ब्रॉन्ज मेडल निश्चित रूप से टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगा।

बता दें कि पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने पहले एशियाई खेलों में दो गोल्ड मेडल जीते थे। अब उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल भी जीत लिया है। वहीं, बांग्लादेश को चौथे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। यह मौजूदा एशियाई खेलों में पाकिस्तान का दूसरा मेडल है; इससे पहले आसिम खान ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) की पुरुषों की 60kg कैटेगरी में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

भारत-श्रीलंका के बीच खेला जा रहा महामुकाबला

उधर दूसरी ओर वहीं, आज ही भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल के लिए महामुकाबला खेला जा है। एशियन गेम्स 2026 के फाइनले मुकाबले भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल का टिकट कटाया है। बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा बेहतरीन लय में नजर आई हैं। सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली थी। अब भारत की नजर गोल्ड मेडल पर होगी। 

दूसरी ओर, श्रीलंका टूर्नामेंट में पहले भारत से मिली हार का बदला लेने के लिए उत्सुक होगी। उन्होंने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। कप्तान चमारी अथापथु बल्लेबाजी में शानदार फॉर्म में रही हैं, उन्होंने सेमीफाइनल में 50 गेंदों पर 83 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। 

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा,हरमनप्रीत कौर (कप्तान), गुनालन कामलिनी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयांका पाटिल, श्री चरानी, ​​भारती फुलमाली, नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़।

श्रीलंका : इमेशा दुलानी, चमारी अथापथु (कप्तान), हासिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोद्या, काव्या कविंदी, चामुदी प्रबोदा और सुगंधिका कुमारी।

ये भी पढ़ेंः- ZIM vs AUS: सांस रोक देने वाले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे को 1 विकेट से रौंदा, जोश इंगलिस ने ठोका शतक

अन्य प्रमुख खबरें