Asian Games 2026 में भारत ने खोला खाता, 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में जीते दो रजत पदक

खबर सार :-

Asian games 2026: एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें शूटिंग के इवेंट में अब तक 2 सिल्वर मेडल जीतने में सफलता मिली है।
Asian Games 2026 में भारत ने खोला खाता, जीते दो रजत पदक

खबर विस्तार : -

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने पदक का खाता खोल लिया है। टूर्नामेंट के पहले दिन भारत ने निशानेबाजी में दो रजत पदक जीते, जिसमें स्टार निशानेबाज एलावेनिल वलारिवान का बड़ा योगदान रहा। एलावेनिल ने पहले सोनम मस्कर और विदरसा विनोद के साथ महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत के लिए पहला रजत पदक जीता। फिर उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन किया और दूसरा रजत पदक जीता. टीम के प्रदर्शन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धि से खेलों में भारत का पदक खाता खुल गया है।

चीन ने जीता स्वर्ण, जापान को कांस्य

महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में चीन ने 1904.2 के कुल स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की टीम में वांग जिफेई ने 636.8, हान जियायु ने 633.8 और डू युचेन ने 633.6 अंक हासिल किए। मेजबान जापान ने 1897.1 के कुल स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। जबकि भारतीय टीम ने क्वालिफिकेशन में कुल 1898.0 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहकर रजत पदक जीता। 

एलावेनिल वलारिवन ने जीता रजत

तमिलनाडु में जन्मी एलावेनिल वलारिवान निशानेबाज फाइनल में ज्यादातर समय तक स्वर्ण पदक जीतने की स्थिति में दिख रही थी लेकिन आखिरी क्षणों में जापान की हिनाता ताइची ने उन्हें पीछे छोड़ दिया और स्वर्ण पदक जीत लिया। विश्व चैंपियनशिप 2025 की कांस्य पदक विजेता एलावेनिल ने 252.4 अंक बनाए, जो ताइची से सिर्फ 0.6 अंक कम है। ताइची ने 253.0 अंक हासिल कर एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।  वहीं मौजूदा विश्व चैंपियन और पेरिस ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता दक्षिण कोरिया की बान ह्योजिन ने 230.4 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

ये भी पढ़ेंः- IND W vs BAN W: बांग्लादेश को हराकर एशियन गेम्स के फाइनल में भारत, श्रीलंका से होगी 'गोल्ड मेडल' की जंग

राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर लिखा गया, "एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर एलावेनिल वलारिवन, विदर्शा के विनोद और सोनम उत्तम मस्कर को बहुत-बहुत बधाई। आपकी इस शानदार उपलब्धि ने इन खेलों में भारत के लिए मेडल का खाता खोला है और देश का मान बढ़ाया है। आपकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर राइफल महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज एलावेनिल वलारिवन को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय निशानेबाज लगातार देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। एलावेनिल का यह दिन का दूसरा पदक है, जिससे उनकी उपलब्धि और भी खास हो गई है। प्रधानमंत्री ने उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

अन्य खेलों में भी दिखा भारत का दबदबा

निशानेबाजी के अलावा अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को एकतरफा सेमीफाइनल मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जिससे भारत के लिए कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। इसके साथ ही हॉकी में भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से और पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर लिया है, जबकि बैडमिंटन में पीवी सिंधु की अगुवाई वाली महिला टीम कजाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। कुल मिलाकर एशियाई खेलों का पहला दिन भारतीय एथलीटों के लिए सफलता और उम्मीदों से भरा रहा।

ये भी पढ़ेंः- US Open 2026: सबालेंका की बादशाहत खत्म, एलेना रिबाकिना ने पहली बार जीता यूएस ओपन का खिताब
 

अन्य प्रमुख खबरें