आत्मनिर्भरता से लेकर अंतरिक्ष और खेल के मैदान तक, जानें PM मोदी के 'मन की बात' के 8 बड़े मुद्दे
खबर सार :-
PM Modi Mann Ki Baat: मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 136वीं कड़ी में देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल के नायकों को श्रद्धांजलि दी। प्रसारण के दौरान, PM मोदी ने INS महेंद्रगिरि और DRDO के पिनाका लॉन्ग-रेंज गाइडेड रॉकेट के सफल परीक्षण का भी ज़िक्र किया।
खबर विस्तार : -
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस के शहीदों को नमन करने के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत, अंतरिक्ष में निजी क्षेत्र की ऐतिहासिक सफलता, कश्मीरी कला और खेल जगत की ऐतिहासिक उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया।
1- कारगिल विजय दिवस- वीरों के शौर्य को नमन और 'शौर्य विजय यात्रा'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत 26 जुलाई यानी कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक दिन से की। उन्होंने कहा कि कारगिल की ऊंची चोटियों, खराब मौसम और दुश्मन की तमाम मुश्किलों के बावजूद हमारे सैनिकों का हौसला हर चुनौती से बड़ा था। देश अपने वीर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। नई पीढ़ी तक इन वीर गाथाओं को पहुंचाने के लिए 14 जुलाई को दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल से एक खास 'शौर्य विजय यात्रा' (मोटरसाइकिल अभियान) शुरू की गई है, जो द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल तक जाएगी। इसका संदेश 'एक सवारी, एक देश, एक सलाम' रखा गया है।
2- रक्षा क्षेत्र में बढ़ती ताकत- ब्रह्मोस-अस्त्र समझौते और 'आत्मनिर्भर भारत'
पीएम मोदी ने इंडोनेशिया दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि भारत और इंडोनेशिया के बीच ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और स्वदेशी अस्त्र एयर-टू-अस्त्र मिसाइल को लेकर एक बड़ा समझौता हुआ है। यह इस बात का प्रमाण है कि दुनिया का भारत के रक्षा उपकरणों और तकनीक पर भरोसा तेजी से बढ़ रहा है।
इसके साथ ही, उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल अत्याधुनिक और 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी तकनीक से बने युद्धपोत 'आईएनएस महेंद्रगिरि' का उल्लेख किया। इसके अलावा, डीआरडीओ द्वारा विकसित पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट (एलआरजीआर-120) और 'कुशा मिसाइल' के सफल परीक्षण को भी देश की तकनीकी क्षमता और 'आत्मनिर्भर भारत' का बड़ा प्रतीक बताया।
3- अंतरिक्ष और विज्ञान में युवाओं का डंका- विक्रम वन और ओलंपियाड में सफलता
प्रधानमंत्री ने स्पेस सेक्टर का जिक्र करते हुए कहा कि निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत के पहले रॉकेट 'विक्रम वन' का सफल लॉन्च ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने स्पेस सेक्टर को प्राइवेट कंपनियों के लिए खोले जाने के फैसले को सही ठहराया। इसके साथ ही, उन्होंने साइंस ओलंपियाड्स में भारतीय विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित के ओलंपियाड में भारतीय छात्रों ने कई स्वर्ण और रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। भौतिकी और रसायन विज्ञान के मुकाबलों में तो भारतीय छात्रों ने सभी स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
4- खेल जगत की ऐतिहासिक उपलब्धियां- लॉर्ड्स में महिलाओं का कमाल और पीवी सिंधु
खेल के मैदान पर देश की बेटियों ने एक बार फिर इतिहास रचा है। पीएम मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 270 रनों से मिली पहली टेस्ट जीत की जमकर सराहना की। इस मैच में क्रांति गौड़ ने 5 विकेट लिए और यास्तिका भाटिया ने शानदार शतक जड़ा।
इसके अलावा, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को जापान ओपन का खिताब जीतने और दो साल बाद अपना पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब अपने नाम करने पर बधाई दी।
5- कश्मीर की पारंपरिक 'वगू' चटाई और 'लोकल फॉर वोकल'
प्रधानमंत्री ने कश्मीरी संस्कृति को बढ़ावा देते हुए पारंपरिक सरकंडे और घास से बनने वाली इकोफ्रेंडली चटाई 'वगू' का जिक्र किया। गर्मियों में ठंडक और सर्दियों में गर्माहट देने वाली इस पारंपरिक कला को पुनर्जीवित करने के लिए उन्होंने श्रीनगर के गुलाम हुसैन और उनकी बेटी तंजीला के संघर्ष और संकल्प की सराहना की। उन्होंने देशवासियों से 'लोकल फॉर वोकल' के मंत्र को अपनाते हुए इसे अपने घरों का हिस्सा बनाने की अपील की।
6- पर्यावरण संरक्षण- 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान और गिर के जंगल
पर्यावरण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने अहमदाबाद के भाड़ज क्षेत्र का उदाहरण दिया जहां एक घंटे के भीतर साढ़े तीन लाख पौधे रोपे गए, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। साथ ही, उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने के महाअभियान की भी सराहना की। उन्होंने गुजरात के गिर के जंगलों में संरक्षण प्रयासों के कारण लगभग 60 वर्षों बाद 'इंडियन ग्रे हॉर्नबिल' के फिर से लौटने का भी विशेष रूप से उल्लेख किया।
7- जल संरक्षण- 'कैच द रेन' अभियान और भूजल संचयन
पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने 'कैच द रेन' (बरसात के पानी को सहेजने) अभियान को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने मध्य प्रदेश के सीधी, नरसिंहपुर, महाराष्ट्र के नासिक और आंध्र प्रदेश के नंदियाल सहित कई क्षेत्रों में तालाबों के जीर्णोद्धार और अमृत सरोवरों के सुधार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के कुएं, बावड़ी और तालाबों की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया।
8- स्वतंत्रता दिवस और 'हर घर तिरंगा' अभियान का आह्वान
आगामी स्वतंत्रता दिवस का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से 'हर घर तिरंगा' अभियान को इस वर्ष भी पूरे उत्साह और गर्व के साथ आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 15 अगस्त के अपने भाषण के लिए 'माईगव' पोर्टल के माध्यम से बहुमूल्य सुझाव और विचार साझा करें। साथ ही, उन्होंने 27 जुलाई को भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि और गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी गुरुओं और शिक्षकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
ये भी पढ़ेंः- पीएम मोदी के वीडियो संदेश से इंस्टाग्राम पर बढ़े 10 लाख फॉलोअर्स
अन्य प्रमुख खबरें
-
2026-07-26
-
कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति, PM मोदी और रक्षा मंत्री ने शूरवीरों के पराक्रम को किया याद
2026-07-26
-
प्रल्हाद जोशी को सौंपा गया शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हुआ मंजूर
2026-07-26
-
पेपर लीक पर सख्ती की तैयारी: जांच के लिए बनेगी STF और फास्ट ट्रैक कोर्ट, सजा का नया प्रावधान
2026-07-25
-
मध्य प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, छत्तीसगढ़ में भी 5 दिन तक बरसेंगे बादल
2026-07-25
-
Operation Nomad Hunt: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला लाया गया भारत
2026-07-25
-
2026-07-25
-
त्रिपुरा के पूर्व DGP की मौत की जांच के लिए टीम गठित, वॉशरूम में लटकता मिला था शव
2026-07-24
-
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट: देश के 773 जिलों से 1,244 उत्पादों का चयन
2026-07-24
-
पीएम मोदी के वीडियो संदेश से इंस्टाग्राम पर बढ़े 10 लाख फॉलोअर्स
2026-07-24
-
NTA restructuring : 47 कर्मचारी बाहर, एक महीने में नई परीक्षा प्रणाली लागू करने की तैयारी
2026-07-24
-
2026-07-24
-
2026-07-24
-
2026-07-24
-
450 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी केस में ED का बड़ा एक्शन, दिल्ली-पंजाब से यूपी तक ताबड़तोड़ छापेमारी
2026-07-24