गया में पितृपक्ष मेलाः श्रद्धालुओं के लिए 2500 बेड की टेंट सिटी समेत कई सुविधाएं, विभाग अलर्ट

खबर सार :-

गया में 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पितृपक्ष मेला महासंगम 2026 होगा। श्रद्धालुओं के लिए 2500 बेड की टेंट सिटी, हेल्पलाइन, ई-रिक्शा, गाइड और ई-पिंडदान समेत कई सुविधाएं मिलेंगी।
गया में पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से, श्रद्धालुओं को मिलेंगी सारी व्यवस्थाएं

खबर विस्तार : -

गयाः विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम 2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के गया पहुंचने की संभावना को देखते हुए पर्यटन विभाग की ओर से आवासन, परिवहन, सूचना और मार्गदर्शन समेत कई सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए करीब 2,500 बेड की क्षमता वाली टेंट सिटी का निर्माण कराया जा रहा है।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए विशेष हेल्पलाइन और अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मेले से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

फल्गु तट पर होगी महाआरती

पितृपक्ष मेला महासंगम के दौरान फल्गु नदी के तट पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन के जरिए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव देने के साथ गया की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करने की तैयारी है। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए जरूरतमंद लोगों के लिए ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर प्रशिक्षित पर्यटक गाइडों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रमुख स्थलों पर तोरण द्वार लगाए जाएंगे और वहां सूचना एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था भी होगी।

पितृपक्ष मेला और गया के धार्मिक स्थलों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों वाले ब्रॉशर भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जाएंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष यात्रा पैकेज और ई-पिंडदान की सुविधा उपलब्ध कराने की भी तैयारी की जा रही है।

सोशल मीडिया के जरिए होगा मेले का प्रचार

पर्यटन विभाग इस बार पितृपक्ष मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पहली बार “पितृपक्ष मेला एक इन्फ्लूएंसर की नजर से” प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाना है। प्रतियोगिता के जरिए बिहार की विरासत को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने वाले इन्फ्लूएंसर को प्रोत्साहित किया जाएगा। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि गया सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र नहीं है, बल्कि यह बिहार की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप गयाजी क्षेत्र में पर्यटन विकास की विभिन्न योजनाओं को गति दी जा रही है।

विष्णुपद मंदिर के आसपास विश्वस्तरीय कॉरिडोर का प्रस्ताव

पर्यटन विभाग के अनुसार काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विष्णुपद मंदिर के चारों ओर विश्वस्तरीय कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके माध्यम से मंदिर परिसर के विकास, श्रद्धालुओं की आवाजाही, दर्शन व्यवस्था, आवश्यक सुविधाओं और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को नई दिशा देने की योजना है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 1,000 बेड क्षमता वाले आधुनिक गयाजी धर्मशाला के निर्माण की योजना पर भी काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 120 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का क्रियान्वयन बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है।

होमस्टे योजना में धार्मिक स्थल शामिल

पर्यटन को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना में विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर, डुंगेश्वरी मंदिर और गुरपा पहाड़ी को शामिल किया गया है। पात्र लाभार्थियों को 11 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है। इस योजना के जरिए स्थानीय परिवारों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। इससे गया-बोधगया क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। पितृपक्ष मेला महासंगम के दौरान व्यापक व्यवस्थाओं के साथ पर्यटन विभाग का फोकस गया की धार्मिक पहचान को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी है।

यह भी पढ़ेंः-गयाजी में 24 घंटे होगी वेदी परिसरों की सफाई, DM ने किया पिंडदान स्थलों का निरीक्षण, दिए निर्देश

अन्य प्रमुख खबरें