Mahashivratri 2026: देश भर में महाशिवरात्रि की धूम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय, मंदिरों में लगा भक्तों का तांता

खबर सार :-
Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर्व पर देशभर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई है। उज्जैन में मंदिर के दरवाजे अगले 44 घंटे तक लगातार खुले रहेंगे। वहीं अयोध्या में धूमधाम से शिव बारात निकाली जाएगी।

Mahashivratri 2026: देश भर में महाशिवरात्रि की धूम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय, मंदिरों में लगा भक्तों का तांता
खबर विस्तार : -

Mahashivratri 2026: शिव उपासना का महापर्व महाशिवरात्रि आज देश भर में धूमधाम से मनाई जा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को सुबह से ही शिवालयों पर भक्तों का तांता लगा हुआ है। भोर से ही सभी शिवालयों में बोल बम, ओम नमः शिवाय और हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज रहे हैं।  काशी और उज्जैन के साथ-साथ भगवान राम की नगरी भी शिवमय हो गई है।

Mahashivratri 2026: मंदिरों में लगी भक्तों की लंबी कतारें

मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल मंदिर, उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा करने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोग बेलपत्र-धतूरा के साथ जल चढ़ा रहे हैं और ओम नमः शिवाय का जाप कर रहे हैं। इसके साथ ही जगह-जगह रुद्राभिषेक, राम चरित मानस का पाठ , ओम नमः शिवाय का जाप किया जा रहा है।  साथ भंडारा और फल भी बांटे। उज्जैन में बाबा महाकाल की विशेष भस्मारती हुई। उज्जैन के महाकाल मंदिर में 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

देश की राजधानी दिल्ली में चांदनी चौक के गौरीशंकर मंदिर और छतरपुर के श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ में पूजा करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी है। वहीं  मुंबई के बाबुलनाथ मंदिर में भी ऐसे ही नज़ारे देखने को मिल रहे हैं। ओडिशा में, आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर 17,000 रुद्राक्ष के दानों से शिवलिंग बनाकर रेत पर महाशिवरात्रि को ज़िंदा कर दिया है।

Mahashivratri 2026: अयोध्या में धूमधाम से निकाली जाएगी शिव बारात

अयोध्या में आज राम की पैड़ी के पुराने नागेश्वर नाथ मंदिर से एक बड़ी शिव बारात निकलेगी। हज़ारों भक्त बारात में शामिल होंगे। बैंड, रथ और देवी-देवता इसकी खूबसूरती बढ़ाएंगे। बारात का स्वागत क्षीरेश्वरनाथ मंदिर में किया जाएगा। रात में भगवान शिव की शादी होगी। शनिवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भोले बाबा को हल्दी चढ़ाई गई। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और "हर हर महादेव" के नारों के बीच शादी की रस्में पूरी हुईं। अयोध्या में पांच लाख से ज़्यादा भक्तों के आने की उम्मीद है। इसको देखते हुए सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि भक्त आसानी से दर्शन कर सकें।

अन्य प्रमुख खबरें