नई दिल्लीः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने की चेतावनी के बावजूद भारतीय रुपया सोमवार को मजबूती के साथ खुला। विश्लेषकों के अनुसार यह भारत की आर्थिक स्थिरता, घरेलू निवेशकों के विश्वास और वैश्विक आर्थिक संकेतकों की सकारात्मकता का संकेत है।
भारतीय मुद्रा शुक्रवार को 87.66 प्रति डॉलर के मुकाबले सोमवार को 13 पैसे की मजबूती के साथ 87.53 पर खुली। व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल रुपये की ट्रेडिंग रेंज 87.25 से 87.80 के बीच रहने की संभावना है। शुरुआती घंटे में रुपया 87.51 पर खुलने की उम्मीद थी, लेकिन विदेशी मुद्रा बाजार ने अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन किया। रुपये की इस मजबूती के पीछे एक बड़ा कारण 15 अगस्त को प्रस्तावित अमेरिका-रूस वार्ता है, जिससे रूस-यूक्रेन युद्ध में संभावित विराम और भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को लेकर राहत की उम्मीद जताई जा रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट भी रुपये के पक्ष में रही। सोमवार सुबह एशियाई बाजारों में ब्रेंट ऑयल 66.25 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गया, जिससे भारत जैसे आयातक देशों को राहत मिली।
भारत पर प्रस्तावित टैरिफ 27 अगस्त से लागू होना है, जो खासतौर पर कपड़ा, चमड़ा और समुद्री खाद्य क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। अमेरिका ने भारत पर सबसे अधिक 50 प्रतिशत शुल्क दर प्रस्तावित की है, जो चीन और तुर्की की तुलना में कहीं अधिक है। भारत सरकार ने इन टैरिफ्स को 'अनुचित और अकारण' करार देते हुए इनका विरोध किया है।
वैश्विक स्तर पर निवेशकों की नजर 12 और 14 अगस्त को जारी होने वाले खुदरा (सीपीआई) और थोक (डब्ल्यूपीआई) मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर होगी। यदि ये आंकड़े सकारात्मक रहे, तो भारतीय रुपया और मजबूत हो सकता है। हालांकि, टैरिफ लागू होने की स्थिति में भारत के निर्यात राजस्व में गिरावट, पूंजी बहिर्वाह और महंगाई में वृद्धि जैसे जोखिम बने रहेंगे। इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली इस सप्ताह भी जारी रही, जिससे बाजार में कुछ दबाव बना। लेकिन घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की लगातार खरीदारी ने भारतीय शेयर बाजार को स्थिर बनाए रखा।
अन्य प्रमुख खबरें
पेट्रोल, डीजल के साथ सीएनजी के दाम में भी इजाफा, पिछले 10 दिनों में 5 रुपये बढ़ा
भारत के UPI को साइप्रस में मिली एंट्री, एनपीसीआई और यूरोबैंक के बीच हुआ समझौता
SBI कर्मचारियों द्वारा हड़ताल, 5 दिन प्रभावित रहेंगे बैंक के काम
वैश्विक तनाव के बीच सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव, सीमित दायरे में हो रहा कारोबार
सिद्धार्थनगर में डीजल के लिए हाहाकार भीषण गर्मी में डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार
डीआरआई का तस्करों पर डिजिटल स्ट्राइक: 120 करोड़ की 3 लाख ई-सिगरेट जब्त, कई राज्यों में छापेमारी
विदेशी मुद्रा भंडार से बढ़ी RBI की ताकत, सरकार को मिल सकते हैं रिकॉर्ड 3.5 लाख करोड़ रुपए
भारत की चाय ने दुनिया में बजाया डंका, 12 वर्षों में निर्यात 93% बढ़ा, महिलाएं बन रहीं सशक्त
वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार में शानदार शुरुआत, सेंसेक्स 75,500 के पार, निवेशकों का बढ़ा भरोसा