होर्मुज स्‍ट्रेट में आग के हवाले एक और तेल टैंकर, आईआरजीसी की चेतावनी, नेविगेशन-पहचान सिस्टम बंद न करें जहाज

खबर सार :-

होर्मुज स्‍ट्रेट में तेल टैंकर में विस्फोट से जुड़ी तीसरी घटना घटित हुई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के मुताबिक, होर्मुज स्‍ट्रेट में एक और तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि कोई भी जहाज अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद न करें।
आईआरजीसी की चेतावनी, अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम बंद न करें जहाज

खबर विस्तार : -

तेहरान: अमेरिका-ईरान के बीच एक बार फिर से समझौते की पहल की जा रही है। वहीं दूसरी और होर्मुज स्ट्रेट में तनाव अब भी जारी है। ईरान की आईआरजीसी नौसेना ऐसे जहाजों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो अपनी पहचान छुपाकर आवागमन करना चाह रहे हैं। होर्मुज स्‍ट्रेट में एक और तेल टैंकर आग के हवाले कर दिया गया है। ईरान की आईआरजीसी नौसेना ने चेतावनी दी है कि जो जहाज अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद आवागमन करेंगे, उन्हें दुश्मन समझा जाएगा। उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।

तेल टैंकर व‍िस्‍फोट से जुड़ी यह तीसरी घटना 

ईरान की समाचार एजेंसी मेहर न्‍यूज की र‍िपोर्ट के अनुसार, होर्मुज स्‍ट्रेट में तेल टैंकर व‍िस्‍फोट से जुड़ी इस तरह की यह तीसरी घटना है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के मुताबिक, होर्मुज स्‍ट्रेट में एक और तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। आईआरजीसी नौसेना के बयान के अनुसार, यह टैंकर 7.5 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर जा रहा था। रविवार दोपहर उसने चेतावनी दिए जाने के बावजूद तय और अधिकृत मार्ग के बजाय एक अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश की। इसी दौरान टैंकर एक नेवल माइन से टकरा गया, जिससे धमाका हुआ और उसमें भीषण आग लग गई।

अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद न करें जहाज 

मेहर न्‍यूज के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नेवी ने होर्मुज स्‍ट्रेट में चलने वाले जहाजों को चेतावनी दी है कि वे अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद न करें। आईआरजीसी नौसेना के प्रमुख अली अजमाई ने कहा कि होर्मुज स्‍ट्रेट में जो जहाज अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद कर देंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा। इससे पहले ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने दावा क‍िया क‍ि शन‍िवार को न‍ियमों का उल्‍लंघन करने वाला एक सुपरटैंकर धमाके का श‍िकार हो गया।

जहाज ने बंद कर रखी थीं नेविगेशन और जीपीएस प्रणालियां 

आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार मंच सेपाह न्यूज पर शनिवार को जारी बयान में नौसेना ने कहा कि कच्चा तेल ले जा रहे इस जहाज ने अपनी नेविगेशन और जीपीएस प्रणालियां बंद कर रखी थीं। विस्फोट के बाद जहाज में आग लग गई। स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, नौसेना ने कहा कि जिस रास्ते से जहाज गुजर रहा था उसे पहले ही उच्च जोखिम वाला क्षेत्र घोषित किया गया था। उसने चेतावनी दी कि ईरान के नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी तेल टैंकर का यही हाल हो सकता है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को आईआरजीसी नौसेना ने कहा था कि उसकी सेना ने 'एनवी सनशाइन' नामक बड़े एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) वाहक जहाज को निशाना बनाया था। नौसेना के मुताबिक यह जहाज स्‍ट्रेट के दक्षिणी हिस्से से एक 'गैरकानूनी' रास्ते के जरिए गुजरने की कोशिश कर रहा था।
 

अन्य प्रमुख खबरें