लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों का सुरेश खन्ना और मेयर सुषमा खर्कवाल ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

खबर सार :-

लखनऊ में गोमती नदी के किनारे बाढ़ प्रभावित इलाकों का मंत्री सुरेश खन्ना और मेयर सुषमा खर्कवाल ने निरीक्षण किया। अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और राहत शिविरों में जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लखनऊः बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री और मेयर ने किया निरीक्षण

खबर विस्तार : -

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के किनारे बसे बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा और साफ-सफाई समेत सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण यह प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है। गोमती नदी के किनारे बसे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियां बनने से स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री खन्ना ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लखनऊ की मेयर, नगर आयुक्त और नगर निगम की पूरी टीम पिछले कई दिनों से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। टीम का प्रयास है कि बाढ़ के प्रभाव को कम किया जाए और लोगों को हो रही परेशानियों का जल्द से जल्द समाधान निकाला जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया लोगों को भरोसा

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान उन्होंने राहत कार्यों में सहयोग करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने वाली कंपनियों और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रभावित इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और किसी भी व्यक्ति को मदद के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।

प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश

वहीं, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम की टीम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय है और राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के करीब 1,000 कर्मचारी लगभग 20 दिनों से जमीन पर काम कर रहे हैं। इन कर्मचारियों के माध्यम से प्रभावित इलाकों में सफाई, राहत व्यवस्था और लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मेयर ने कहा कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना और संक्रमण की आशंका को कम करना बेहद जरूरी है। नगर निगम की ओर से दवाओं का छिड़काव, कचरे का उचित निस्तारण और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी जा रही है।

जरूरतमंदों को भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएं देने पर ध्यान

उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। जरूरतमंद व्यक्ति सहायता के लिए संपर्क करता है तो उसे राहत सामग्री और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई की जाती है। प्रशासन की ओर से राहत शिविरों में भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन और नगर निगम की टीमों के लगातार प्रयासों के बीच अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो। प्रभावित परिवारों की जरूरतों पर नजर रखी जाए और उन्हें समय पर सहायता मिले। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना फिलहाल प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

यह भी पढ़ेंः-दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, झमाझम बारिश के साथ गुलाबी ठंड ने दी दस्तक
 

अन्य प्रमुख खबरें