दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, झमाझम बारिश के साथ गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

खबर सार :-

Delhi-NCR Weather: दिल्ली में गुरुवार से मौसम बदल रहा है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आज भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसमें गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
झमाझम बारिश के साथ दिल्ली-NCR में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

खबर विस्तार : -

Delhi- NCR Weather: पिछले कई दिनों विरोध-प्रदर्शनों से जूझ रही राजधानी दिल्ली का अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आकाश में छाए काले घने बादलों और ठंडी हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से तापमान 6 डिग्री तक गिर गया। इसी के साथ ही दिल्ली-NCR में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। वहीं मौसम में अचानक आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। 

उधर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को भी दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान बारिश की संभावना जताई है। जबकि 17 से 22 अक्टूबर के बीच मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, दशहरे के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है।

17 से 22 अक्टूबर के बीच शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। जबकि 17 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, और तापमान अधिकतम 32 डिग्री तथा न्यूनतम 21 डिग्री तक पहुंच सकता है। 18 से 21 अक्टूबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री के आसपास बना रहेगा। तापमान में आई इस गिरावट की वजह से रातों में गुलाबी ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क और साफ रहेगा। फिलहाल, बारिश और ठंडी हवाओं ने NCR के निवासियों को गर्मी और प्रदूषण दोनों से काफी राहत दी है। 

ये भी पढ़ेंः- हिमाचल के 10 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

वायु प्रदूषण में भी हुआ सुधार

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, पूरे दिल्ली-NCR क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'ग्रीन ज़ोन' में पहुंच गया है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) इस प्रकार दर्ज किया गया: कैंटोनमेंट इलाके में 24 (हरा), बदरपुर में 39 (हरा), बुराड़ी में 60 (हरा), अया नगर में 64 (हरा), अशोक विहार में 67 (हरा), अलीपुर में 70 (हरा), बुराड़ी क्रॉसिंग पर 70 (हरा), बवाना में 98 (संतोषजनक) और आनंद विहार में 99 (संतोषजनक)। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि अक्टूबर के अंत और नवंबर की शुरुआत में पराली जलाने और त्योहारों के मौसम के कारण प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ सकता है।

बारिश और बर्फबारी से बादल मौसम

उत्तर भारत में मौसम में आए अचानक बदलाव का असर पहाड़ी इलाकों में भी देखने को मिला है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी दोनों हुई हैं। लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर के कई हिस्सों में ताजा बर्फबारी हुई है, जिसमें कोकसर और केलांग में लगभग 2 से 5 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं और बारिश के कारण मैदानी इलाकों के मौसम पर भी असर पड़ा है। मौसम के इस बदलाव से संकेत मिलता है कि उत्तर भारत में सर्दियों की दस्तक हो चुकी है। 

पहाड़ों पर होगी बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 16 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। 17 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 अक्टूबर को बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तराखंड में, गुरुवार सुबह ऊंचाई वाले इलाकों और राजधानी देहरादून में बादल छाए रहे, और कुछ जगहों पर बारिश भी हुई। उत्तराखंड में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का दौर 18 अक्टूबर तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।

एमपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मानसून की विदाई के बाद भी मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य के उत्तरी हिस्से में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण, उज्जैन, सागर, रीवा, ग्वालियर और चंबल संभागों में अगले चार दिनों तक मौसम के अस्थिर रहने के आसार हैं। शुक्रवार के लिए  भिंड, मुरैना, ग्वालियर, श्योपुर और शिवपुरी में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

17 अक्टूबर को भी राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, और कुछ इलाकों में 18 व 19 अक्टूबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस बीच, 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 अक्टूबर के बाद ठंड और तेज हो जाएगी। हालांकि, 15 अक्टूबर को पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून आधिकारिक तौर पर विदा हो चुका है। 

ये भी पढ़ेंः- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी

अन्य प्रमुख खबरें