NEET पेपर लीक पर विपक्ष का अनोखा मार्च, राहुल गांधी संग 120 से ज्यादा सांसद गांधी स्मृति पहुंचे

खबर सार :-

नीट पेपर लीक को लेकर हो रहे प्रदर्शन के बीच गुरुवार को एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। छात्रों के समर्थन में उतरे इंडिया गंठबंधन ने हाथ में संविधान की कॉपी लिए राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे और दो बसों में सवार होकर गांधी स्मृति की ओर निकल पड़े।
NEET पेपर लीक पर विपक्ष का अनोखा मार्च, राहुल गांधी संग 120 से ज्यादा सांसद गांधी स्मृति पहुंचे

खबर विस्तार : -

Rahul Gandhi Smriti March: देशभर में नीट पेपर को लेकर भारी बवाल मचा हुआ है। इस घमासान के बीच छात्रों के समर्थन में उतरे इंडिया गठबंधन ने विरोध करने का एक अनोखा तरीका अपनाया। 120 से अधिक विपक्षी सांसदों ने हाथ में संविधान की प्रतियां लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास पर इकट्ठा हुए। जिसके बाद दो बसों में सवार होकर स्मृति की ओर निकल पड़े। हालांकि, रास्ते में दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने बैरिकडिंग लगाकर बसों को रोकने की कोशिश की। इस कारण काफी देर तक दोनों के बीच झड़प चलती रही। अनुमति मिलने के बाद सभी नेताओं ने गांधी स्मृति पहुंचकर राष्ट्रगीत गाया और सरकार को घेरा। 

सुनेहरी बाग रोड स्थित आवास पर जुटे नेता

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच गुरुवार की सुबह राहुल गांधी के सुनेहरी बाग रोड स्थित आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं का तांता लगना शुरु हो गया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा, शिवसेना (UBT) के अरविंद सावंत, आरजेडी की मीसा भारती, सपा के रामजी लाल सुमन और सीपीआई के जॉन ब्रिटास, एनसीपी की सुप्रिया सुले समेत 120 से ज्यादा सांसद मौजूद रहे। इस दौरान आवास पर बसें बुलाई गई, जिसमें सवार होकर सभी सांसद 30 जनवरी मार्ग के लिए निकल पड़े। 2 बसों में सवार 120 सांसदों के हाथ में पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से जुड़े पोस्टर और संविधान की प्रतियां मौजूद थी। इस दौरान कई नेताओं ने अपने मोबाइल फोन के फ्लैश लाइट से विरोध जताया। हालांकि कुछ दूर आगे जाने पर दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद सांसदों और पुलिस के बीच झड़प हुई।

सभी ने राष्ट्रगान गाया

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, हमारे छात्र सड़कों पर हैं और पुलिस की लाठियां खा रहे हैं, इसलिए विपक्ष के सभी सांसदों को लगा कि हमें भी सड़कों पर उतरना चाहिए। संदेश साफ है, भारत के छात्र अकेले नहीं हैं, पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा है। इस बीच प्रियंका गांधी ने भी पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद बैरिकेड हटा दिए गए और उनके काफिले को आगे जाने के लिए अनुमति दी गई। इसके बाद उनका काफिला मध्य दिल्ली से होते हुए गांधी स्मृति की ओर पहुंचा। जहां राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रगान गाया। हालांकि इस बीच राहुल गांधी ने सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि महात्मा गांधी की इसी जगह हत्या हुई थी और आज सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि छात्रों पर अत्याचार किया जा रहा है, उन पर लाठियां बरसाई जा रह हैं। 

 छात्रों का समर्थन

 उनका कहना है कि विपक्ष उनके साथ डटा हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाकर छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। इसके पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसके बारे में जानकारी दी थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि इंडिया गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से गांधी स्मृति की ओर जाने वाले हैं। उन छात्रों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने जा रहे हैं, जिन्होंने नीट पेपर लीक के बाद कथित तौर पर अपनी जान दे दी। उनका कहना है कि विपक्ष उनके साथ हमेशा खड़ा है। प्रदर्शन के दौरान जो छात्र घायल हुए हैं, उनके और उनके मांगों के साथ विपक्ष पूरी तरह से डटा हुआ है। 

ये भी पढ़ें: पेपर लीक विवाद पर सियासी संग्राम तेज, प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

अन्य प्रमुख खबरें