विधानसभा चुनाव: यूपी में खोया जनाधार पाने की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, गठबंधन-सीट बंटवारे पर निर्णय जल्द

खबर सार :-

यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों को धार दे रहे हैं। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी ने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कांग्रेस ने शुरू की यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियां

खबर विस्तार : -

लखनऊ: यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। सभी राजनीतिक दल अपने—अपने तरीके से चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। हाल ही में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनायी गयी आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी से गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने किसी प्रकार की चर्चा न होने की बात कही। 

प्रदेश कांग्रेस ने शुरू की चुनावी तैयारियां    

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि सपा से चुनाव में सीटों की संख्या को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। कांग्रेस संगठन और नेतृत्व ने तैयारियों की समीक्षा की है और सभी नेताओं को अपने-अपने स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ किया कि चुनावी रणनीति और गठबंधन को लेकर हो रही बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। चुनाव नजदीक आने के साथ जैसे-जैसे यह चर्चा आगे बढ़ेगी, वैसे—वैसे गठबंधन व सीट बंटवारे की स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपना जनाधार वापस पाने, मौजूदा तातक का आकलन करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में जुटी है।

सीटों के बंटवारे पर पार्टी नेतृत्व करेगा अंतिम निर्णय 

आराधना मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत करने और यूपी की प्रत्येक विधानसभा सीट की समीक्षा करने पर विशेष फोकस कर रही है। सपा से सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा। प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों की समीक्षा जारी है। सीटों की अंतिम संख्या और बंटवारे को लेकर फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। यूपी में कांग्रेस की रणनीति और संभावित गठबंधन को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका पर आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी प्रदेश कांग्रेस इकाई का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। संगठन में लंंबे समय तक काम करने के कारण उन्हें उत्तर प्रदेश की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों का अच्छा अनुभव है। 

यूपी में गठबंधन में प्रियंका गांधी की भूमिका अहम

आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को पूरी सक्रियता से निभाया है और आगे भी निभाती रहेंगी। जब भी गठबंधन या राजनीतिक बातचीत से जुड़े मुद्दे सामने आते हैं तो प्रियंका गांधी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यूपी से संबंधित संगठनात्मक निर्णयों और संभावित गठबंधन को लेकर चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी से सलाह ली जाती है। प्रियंका गांधी ऐसी चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी निभाती हैं। आराधना मिश्रा ने कांग्रेस पार्टी के देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने को राष्ट्रीय कर्तव्य बताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ​कि देश के सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों को पूरी ईमानदारी के साथ अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है लेकिन आज लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने मतदाता सूची के एसआईआर के नाम पर सामने आ रहे भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को बहुत गंभीर मामला बताया।

ये भी पढ़ें- भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण, बोले- BJP में हो रही थी घुटन

अन्य प्रमुख खबरें