यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में हैट्रिक लगाएगी भाजपा, प्रदेश में 2047 तक जनता का भरोसा नहीं जीत पाएंगे अखिलेश

खबर सार :-

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। केशव मौर्य ने कहा कि 2027 में बीजेपी यूपी में लगातार तीसरी बार बहुमत की सरकार बनाएगी। 2047 तक सपा जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगी।
यूपी में 2027 में भाजपा बनाएगी बहुमत की सरकार: केशव मार्य

खबर विस्तार : -

अयोध्या: यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप—प्रत्यारोप का दौर बढ़ता जा रहा है। खासकर बीजेपी और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो रही है। भाजपा के नेता सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। केशव मौर्य का दावा है कि जिस प्रकार से दिल्ली, हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और असम में भारतीय जनता पार्टी सफलता हासिल कर सत्ता पर काबिज हुई है, उसी प्रकार से यूपी में भी लगातार तीसरी बार कमल खिलेगा और बीजेपी हैट्रिक लगाते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। 

गुंडों को संरक्षण देने वाले नहीं हो सकते समाजवादी  

अयोध्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वर्ष 2047 तक समाजवादी पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश में जनता का भरोसा जीतने के लिए कोई जगह नहीं है। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि केंद्र की सत्ता में कांग्रेस और राहुल गांधी की वापसी भी नहीं होगी। वहीं, यूपी में भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव सत्ता में नहीं आ पाएंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण ने समाजवाद के सच्चे आदर्शों को बनाए रखा था। गुंडों को संरक्षण देने वाले लोग समाजवादी कतई नहीं हो सकते हैं। डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर कुछ वर्गों को खुश करने की राजनीति करने और भगवान राम के भक्तों पर गोली चलवाने और भगवान शिव के भक्तों पर लाठीचार्ज करवाने का आरोप भी लगाया।

ये भी पढ़ें- भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण, बोले- BJP में हो रही थी घुटन

दंगाइयों को बचाने वाले नहीं हो सकते राष्ट्रवादी 

डिप्टी सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि दंगा करने वालों को बचाने वाले लोग समाजवादी या राष्ट्रवादी अथवा हिंदू राष्ट्रवादी नहीं हो सकते हैं। उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि सपा प्रमुख अपने बयानों से अयोध्या की जनता को बरगलाने का प्रयास न करें। इससे सपा प्रमुख को सफलता मिलने वाली नहीं है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या धाम आना बड़े सौभाग्य की बात है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी की माताजी का कुछ दिन पूर्व ही निधन हो गया था। वह हरीश द्विवेदी की माताजी की शोकसभा में सम्मिलित होने और श्रद्धांजलि देने के लिए अयोध्या आए थे। 

विधान परिषद की सभी सीटें जीतेगी बीजेपी 

यूपी में 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भरोसा जताया कि विधान परिषद की सभी 11 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार अपना परचम लहराएंगे। विधान परिषद चुनाव में भी सपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता पर अपना कब्जा जमाएगी। केशव मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की जीत के बाद सपा में जो अहंकार पनपा है, वह जल्दी ही टूट जाएगा। डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर समाजवाद का नकली चोला पहनकर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। 

ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव: यूपी में खोया जनाधार पाने की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, गठबंधन-सीट बंटवारे पर निर्णय जल्द

अन्य प्रमुख खबरें