दिल्ली को मिलेंगे 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्वास्थ्य अधिकारियों को सीएम ने दिए निर्देश

खबर सार :-

दिल्ली में नए अस्पताल, चिकित्सा उपकरण, चिकित्सक, डिग्रियां आदि के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। नए साल की जनवरी में ही दिल्लीवालों को बेहतरीन तोहफा मिलने जा रहा है। इसके लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने काम तेजी से करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली में अगले साल शुरू होंगे दो अस्पताल, 1,815 बेड का बंदोबस्त लगभग पूरा

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली, दिल्ली सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुधार करने की कोशिश कर रही है। इनके अंतर्गत अगले साल तक का लक्ष्य निर्धारित है। इसके अंतर्गत दिल्ली के सिरसपुर और हस्तसाल में दो बड़े अस्पताल शुरू कर दिए जाएंगे। इनमें कुल 1,815 बेड का बंदोबस्त किया जा रहा है। इसके अलावा 40 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर अगले महीने खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

ये आयुष्मान आरोग्य मंदिर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के 102वें जन्मदिवस पर खोले जाने है। इन योजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। 

यह भी पढ़ें : सर्दियां आते ही राजकोट में बढ़े सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज, 7 दिन में 1,600 से ज्यादा मामले दर्ज

उपकरण, इमारत और डॉक्टरों की कमी दूर की जा रही

दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री राजधानी के प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना चाहती हैं। सरकार अस्पतालों में मरीजों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण, पर्याप्त डॉक्टरों के लिए प्रयास कर रही है। उच्चकोटि के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत करना जरूरी हो गया है। लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर-दूर जाना पड़ता है। इन तमाम दिक्कतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसीलिए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कहा गया कि किसी भी स्वास्थ्य परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में ही सिरसपुर में बनाए जा रहे 1,164 बेड के अस्पताल पर चर्चा की गई। अस्पताल के लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया चल रही है। यह अस्पताल अगले साल जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। हस्तसाल में भी 651 बेड के अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। उम्मीद है कि अगले वर्ष इसे भी शुरू कर दिया जाएगा। इन अस्पतालों की बहुत जरूरत महसूस की जा रही थी। इसका कारण है कि आबादी के अनुपात में अस्पताल कम हैं। 

करोड़ों रुपये योजना के तहत खर्च किए जा रहे

सीएम ने दिल्ली में 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित किए जाने का जिक्र किया है। इनमें 415 केंद्र संचालित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में दिल्ली सरकार ने 40 केंद्रों को शुरू करने का लक्ष्य रखा है। नई योजनाओं में मादीपुर और ज्वालापुरी में भी 691-691 बेड के अस्पतालों का विकसित किया जाना शामिल है। इन पर त्वरित गति से काम हो रहा है। 2028 तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। मादीपुर अस्पताल के लिए सरकार 466.50 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इसके साथ ही ज्वालापुरी अस्पताल 484.04 करोड़ रुपये से तैयार कराया जा रहा है।

विकसित किए गए रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक और ओपीडी ब्लॉक उद्घाटन जल्द ही किया जाना है। इसी श्रंखला में राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, खिचड़ीपुर में 460 बेड का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक भी जल्द ही शुरू करने की तैयारी है। 

अभी अस्पतालों में होने हैं महत्वपूर्ण परिवर्तन

लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास, यमुनापार के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान में अपेक्षाकृत सुधार की जरूरत बताई गई है। इनमें स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में मेडिकल कॉलेज के अलावा कई और शैक्षणिक केंद्र खोेलने की तैयारी है। कुछ संस्थानों में सीटें बढ़ाई जाएंगी।

यह सब दिल्ली की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की दिशा में बेहतरीन पहल है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। निर्माण, उपकरणों की खरीद तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : जरूरतमंदों के लिए उम्मीद बना ऑपरेशन दृष्टि, सैन्य अस्पताल में 412 आंखों के ऑपरेशन, 60 की लौटी रोशनी

अन्य प्रमुख खबरें