मिर्गी के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा, दो साल में दोगुने हुए मरीज

खबर सार :-

मिर्गी के मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। समय पर पहचान, नियमित दवाएं और डॉक्टर की सलाह से दौरे नियंत्रित हो सकते हैं। दौरा पड़ने पर सही प्राथमिक मदद और जागरूकता बेहद जरूरी है।
मिर्गी के मरीज दो साल में हुए दोगुने, बच्चे और युवा भी चपेट में

खबर विस्तार : -

Epilepsy Day: मिर्गी के मरीजों की बढ़ती संख्या स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। मेडिकल कॉलेज झांसी के न्यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी में पिछले दो वर्षों के दौरान नए और पुराने मरीजों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। इस बीमारी की चपेट में छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक के आने से चिंता बढ़ गई है। न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कनकने के मुताबिक, मिर्गी मस्तिष्क में अचानक और असामान्य विद्युत गतिविधि बढ़ने के कारण होती है। हालांकि, नियमित दवाओं और सही चिकित्सा परामर्श से इसके दौरों को नियंत्रित किया जा सकता है।

मस्तिष्क की असामान्य विद्युत गतिविधि से आते हैं दौरे

डॉ. अरविंद कनकने ने बताया कि मिर्गी एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। इसमें मस्तिष्क की नसों में अचानक असामान्य विद्युत गतिविधि होने लगती है, जिससे मरीज को दौरे पड़ते हैं। इस दौरान मरीज का शरीर अकड़ सकता है, हाथ-पैर झटके लेने लगते हैं और कुछ समय के लिए चेतना भी प्रभावित हो सकती है। यह बीमारी किसी भी उम्र में हो सकती है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में दो साल के बच्चों से लेकर 35 साल तक के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। समय पर पहचान और उपचार से बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें...क्या है मिर्गी और क्यों आते हैं दौरे? जानें बीमारी से जुड़े तथ्य और जरूरी सावधानियां

दो साल में तेजी से बढ़े मरीज, ओपीडी के आंकड़े चिंताजनक

मेडिकल कॉलेज के न्यूरोलॉजी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मिर्गी के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में ओपीडी में लगभग 2,920 से 3,650 मरीज पहुंचे। वर्ष 2025 में मरीजों की संख्या बढ़कर लगभग 4,380 से 5,475 हो गई। वहीं वर्ष 2026 में अनुमानित संख्या 6,570 से 7,300 तक पहुंचने की संभावना है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि न्यूरोलॉजी विभाग में मिर्गी के मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, ये ओपीडी में पहुंचे मरीजों के अनुमानित आंकड़े हैं, इन्हें क्षेत्र में मिर्गी के कुल मरीजों की संख्या नहीं माना जा सकता।

दौरा पड़ने पर मरीज को पकड़ें नहीं, चोट से बचाएं

डॉक्टरों के मुताबिक, मिर्गी का दौरा पड़ने पर घबराने के बजाय मरीज की सुरक्षा पर ध्यान देना सबसे जरूरी है। दौरे के दौरान मरीज को चोट लगने का खतरा रहता है। ऐसे में उसे सुरक्षित स्थान पर लाना चाहिए और आसपास रखी नुकीली, धारदार या कठोर वस्तुओं को हटा देना चाहिए। मरीज को जबरदस्ती पकड़ने या उसके हाथ-पैरों को दबाकर झटके रोकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा मुंह में चम्मच, कपड़ा, पानी या कोई अन्य वस्तु डालना खतरनाक हो सकता है। ऐसा करने से मरीज को चोट लग सकती है या सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

पांच मिनट से ज्यादा दौरा पड़े तो तुरंत अस्पताल पहुंचें

अगर मिर्गी का दौरा पांच मिनट से अधिक समय तक चलता है, लगातार दौरे आते हैं या मरीज को दौरे के बाद होश नहीं आता है तो तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। ऐसी स्थिति गंभीर हो सकती है और अस्पताल में तुरंत उपचार की जरूरत पड़ती है। दौरे के दौरान मरीज को सुरक्षित करवट दिलाना, आसपास की वस्तुएं हटाना और दौरे की अवधि पर नजर रखना उपयोगी होता है। मरीज के पूरी तरह होश में आने तक उसे पानी या खाना नहीं देना चाहिए।

दवा बंद करना पड़ सकता है भारी, नियमित इलाज जरूरी

डॉ. कनकने के अनुसार, मिर्गी का इलाज संभव है, लेकिन कई मरीजों को लंबे समय तक और कुछ को जीवनभर दवाएं लेनी पड़ सकती हैं। नियमित दवाओं और डॉक्टर की सलाह से दौरे नियंत्रित किए जा सकते हैं। मरीजों को बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा बंद नहीं करनी चाहिए। दवा की खुराक में बदलाव या इलाज रोकने का फैसला केवल डॉक्टर की सलाह पर ही लेना चाहिए। समय पर जांच, नियमित उपचार और परिवार के सहयोग से मिर्गी से पीड़ित लोग सामान्य जीवन जी सकते हैं।

ये भी पढ़ें...झांसी में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत

अन्य प्रमुख खबरें