प्रयागराज में एसटीएफ ने पकड़ा अंतरराज्यीय कफ सिरप तस्करी गिरोह, एक करोड़ रुपये की अवैध दवाइयां बरामद

खबर सार :-

प्रयागराज में यूपी एसटीएफ ने अंतरराज्यीय कफ सिरप तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक करोड़ रुपये की अवैध दवाइयों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
प्रयागराज में 1 करोड़ की कोडीन सिरप तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

खबर विस्तार : -

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की फील्ड इकाई ने प्रयागराज में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध कोडीन कफ सिरप और जेनेरिक दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़ी गई अवैध दवाइयों और सिरप की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान आशुतोष तिवारी उर्फ प्रवेश तिवारी, अंकेश कुमार और अमित प्रजापति के रूप में हुई है। इनमें आशुतोष तिवारी मूल रूप से अयोध्या जिले के बीकापुर थाना क्षेत्र के मैना पडाईन का पूरा का रहने वाला है, जो वर्तमान में प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेम सराय स्थित जयंतियों नगर में रह रहा था। वहीं, अंकेश कुमार और अमित प्रजापति दोनों सगे भाई हैं और धूमनगंज थाना क्षेत्र के सूबेदारगंज स्थित जयरामपुर के रहने वाले हैं।

कैसे हुआ मामले का खुलासा और गिरफ्तारी

एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि एक अंतरराज्यीय गिरोह दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से अवैध कोडीन कफ सिरप लाकर बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तस्करी कर रहा है। इस इनपुट के आधार पर एसटीएफ की विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया था। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में अभिसूचना संकलन का काम चल रहा था। इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज की टीम थाना क्षेत्र एयरपोर्ट के अंतर्गत भारत गैस के पास कटहुला गौसपुर में मौजूद थी। टीम को सूचना मिली कि वहां विवेक श्रीवास्तव के मकान में अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप और अन्य नशीली दवाओं का भंडारण किया गया है।

संयुक्त कार्रवाई और भारी बरामदगी

सूचना पुख्ता होने पर एसटीएफ टीम ने धूमनगंज के सहायक पुलिस आयुक्त रवि कुमार गुप्ता और प्रयागराज, फतेहपुर तथा कौशाम्बी के औषधि निरीक्षकों (ड्रग इंस्पेक्टर्स) को साथ लेकर उक्त मकान पर छापा मारा। सघन तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप और विभिन्न नाम की जेनेरिक दवाइयां बरामद हुईं, जिसके बाद मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से कुल 19,338 शीशी अवैध कोडीन कफ सिरप और 61,600 अलग-अलग ब्रांड की जेनेरिक दवाइयां बरामद की गईं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टाटा नेक्सॉन कार (नंबर यूपी 70 जीई 8425), 95 सफेद रंग की खाली बोरियां, दो टूल किट और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में तस्करी के तौर-तरीकों का खुलासा

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान एसटीएफ को बताया कि वे नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाले कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार में शामिल हैं। गिरोह के अन्य सदस्य जतिन मिश्रा (निवासी भीरपुर, करछना, प्रयागराज) द्वारा नई दिल्ली के मंगोलपुरी पते पर एक फर्म बनाई गई है। इसी फर्म के कागजों और फर्जी बिल्टी के सहारे दिल्ली से कफ सिरप और दवाइयां ट्रांसपोर्ट के जरिए प्रयागराज व वाराणसी मंगाई जाती थीं। इन दवाइयों को कटहुला गौसपुर स्थित किराए के मकान में डंप किया जाता था। पहचान छिपाने के लिए कफ सिरप की शीशियों पर छपे बैच नंबर को ग्राइंडर की मदद से मिटा दिया जाता था। इसके बाद इन्हें बोरियों में भरकर कार के जरिए लीडर रोड के थोक व्यापारियों शनि जायसवाल और आशु जायसवाल को बेचने के साथ-साथ स्थानीय बाजारों और अन्य प्रदेशों में सप्लाई किया जाता था। इस अवैध धंधे से मिलने वाले मुनाफे को आरोपी आपस में बराबर बांट लेते थे।

गिरोह कई राज्यों में खपा रहा था प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयों की खेप

गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना एयरपोर्ट, कमिश्नरेट प्रयागराज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 22 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 150/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय स्तर पर की जा रही है। विगत कुछ समय से एसटीएफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के राज्यों से प्रतिबंधित एवं नशीली दवाइयों की खेप उत्तर प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में खपा रहा है। इसी खुफिया इनपुट और नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एसटीएफ की विभिन्न फील्ड इकाइयों को विशेष निर्देश दिए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी है।

ये भी पढ़ेंः-साइबर ठगी की रकम ऑनलाइन गेमिंग खातों में ट्रांसफर, लखनऊ पुलिस का जागरूकता अभियान

अन्य प्रमुख खबरें