India A ने अनौपचारिक टेस्ट में Australia A को 162 रनों से हराया, मुलानी-देशपांडे ने चटकाए तीन-तीन विकेट

खबर सार :-

भारत ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से हरा दिया। पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले कुमार कुशाग्र को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में शम्स मुलानी ने कुल 7 विकेट चटकाए।
भारत ए ने अनौपचारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से हराया

खबर विस्तार : -

पुडुचेरी: भारत ए ने चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए पर शानदार जीत दर्ज की। भारत ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से हरा दिया। मैच में शम्स मुलानी ने शानदार प्रदर्शन किया। शम्स मुलानी ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 3 विकेट समेत कुल 7 विकेट अपने नाम किए। 

दूसरी पारी में 200 रन बनाकर ऑलआउट हो गई ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 

भारत से मिले 308 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम दूसरी पारी में 200 रन बनाकर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कैंपबेल केलावे बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद सैम कोनस्‍टास भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 20 रन बनाकर आउट हुए। नाथन मैकस्वीनी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 35 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बने। वहीं, कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जेसन संघा 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोश फिलिप 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लियाम स्कॉट को तुषार देशपांडे ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। फर्गस ओ'नील अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 47 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया।

ये भी पढ़ें- Afghanistan vs Nepal: एशियन गेम्स में नेपाल ने किया बड़ा उलटफेर, अफगानिस्तान को 5 विकेट से चटाई धूल

गेंदबाजी में शम्स मुलानी-तुषार देशपांडे ने चटकाए तीन-तीन विकेट 

टॉड मर्फी 17 रन बनाकर शम्स मुलानी की गेंद पर साई सुदर्शन को कैच देकर आउट हुए। कोरी रोचिसिओली 4 रन बनाकर नाबाद रहे, तो ब्रेंडन डॉगेट 3 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से गेंदबाजी में शम्स मुलानी और तुषार देशपांडे ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, अंशुल कंबोज और तनुश कोटियान ने दो-दो विकेट झटके। इससे पहले, भारतीय टीम ने पहली पारी में कुमार कुशाग्र की शतकीय पारी की बदौलत 334 रन बनाए। कुशाग्र ने 12 चौकों की मदद से 113 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, तनुश कोटियान ने 69 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम पहली पारी में 171 रन बनाकर सिमटी। टीम की ओर से जेसन संघा ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए।

शतक लगाने वाले कुशाग्र को चुना गया प्लेयर ऑफ द मैच'

शम्स मुलानी ने भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट चटकाए, जबकि तनुश और तुषार ने दो-दो विकेट निकाले। वहीं, दूसरी पारी में भारत की पूरी टीम 199 रन बनाकर ऑलआउट हुई। कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने 59 रनों का योगदान दिया, तो कुमार कुशाग्र 46 रन बनाकर नाबाद रहे। कुशाग्र को पहली पारी में शतकीय पारी खेलने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। दूसरा चार दिवसीय मुकाबला 29 से 2 अक्टूबर तक खेला जाना है।

ये भी पढ़ें- SA vs AUS 1st odi: ब्रीत्जके के 'शतक' के बाद केशव की फिरकी में फंसे कंगारू, दक्षिण अफ्रीका ने जीता पहला वनडे 

अन्य प्रमुख खबरें