Mohammed Shami Retirement: मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से अचानक लिया संन्यास, किया भावुक पोस्ट

खबर सार :-

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है, जिससे उनके 13 साल के करियर का समापन हो गया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने संन्यास की जानकारी दी। मोहम्मद शमी ने 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट लिए।
मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से अचानक लिया संन्यास

खबर विस्तार : -

Mohammed Shami Retirement: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को अचानक अलविदा कह दिया है। शुक्रवार 6 नवंबर 2026 की रात लगभग 11:10 बजे, 36 वर्षीय शमी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करके अपने करियर के सबसे महत्वपूर्ण अध्याय का समापन किया। खास बात यह है कि शमी ने अपने टेस्ट करियर का समापन ठीक उसी तारीख को किया, जिस तारीख को 13 साल पहले उन्हें इसकी कैप मिली थी।

शमी ने किया भावुक पोस्ट

मोहम्मद शमी ने लिखा कि भले ही उन्होंने अपनी आखिरी टेस्ट गेंद फेंक दी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व उनके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा। शमी ने कहा, "मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, बल्कि मेरे जीवन का एक बेहद खास हिस्सा रहा है। आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।"

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में शमी ने लिखा, "मैं सफेद जर्सी को पीछे छोड़ रहा हूं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तो मेरा बस एक ही सपना था, अपने देश के लिए कुछ हासिल करना। तब से, हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ बहुमूल्य सिखाया है।"

ये भी पढ़ेंः- न्यूजीलैंड को बड़ा झटका ! भारत के खिलाफ ये धुरंधर वनडे सीरीज से हुआ बाहर, निक केली को मिला मौका

BCCI और बंगाल क्रिकेट संघ को भी कहा धन्यवाद

"मेरे सभी साथियों, कोचों, परिवार के सदस्यों और उन लाखों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जो इस पूरे सफर में मेरे साथ खड़े रहे और अच्छे-बुरे दोनों समय में मुझ पर भरोसा बनाए रखा। मैं BCCI और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का भी तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मेरी प्रतिभा पर विश्वास किया, मुझे आगे बढ़ने के मौके दिए और मेरे क्रिकेट सफर में अहम भूमिका निभाई। आपके समर्थन और भरोसे को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। भले ही मैंने टेस्ट क्रिकेट में अपनी आखिरी गेंद फेंक दी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व मेरे दिल में हमेशा जिंदा रहेगा। धन्यवाद, टेस्ट क्रिकेट। आपका, शमी।"

मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर

मोहम्मद शमी को काफी समय से टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी क्रिकेट मैच मार्च 2025 में खेला था। शमी के टेस्ट क्रिकेट के करियर की बात करें तो, उन्होंने अपना आखिरी मैच जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। नवंबर 2013 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कुल 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 27.71 की औसत से 229 विकेट लिए। इस दौरान, उन्होंने 6 बार एक पारी में 5 विकेट लिए। इसके अलावा, उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 750 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। भारत के लिए, मोहम्मद शमी ने 108 वनडे मैचों में 206 विकेट और 25 टी20 मैचों में 27 विकेट लिए हैं। 

FAQ...

1- मोहम्मद शमी ने किस फॉर्मेट से संन्यास लिया है?    

मोहम्मद शमी ने केवल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है। वनडे और टी20 खेलते रहेंगे।

2- मोहम्मद शमी ने संन्यास की घोषणा कब की?    

मोहम्मद शमी ने शुक्रवार  6 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से टेस्ट क्रिकेट से  संन्यास की घोषणा की।

3- 6 नवंबर की तारीख शमी के लिए क्यों खास है?    

शमी ने ठीक 13 साल पहले (6 नवंबर 2013 को) वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन में अपना टेस्ट डेब्यू किया था और संयोग से ठीक 13 साल बाद इसी तारीख को उन्होंने संन्यास लिया।

4- मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में कुल कितने विकेट लिए?

मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में कुल 229 विकेट लिए।

ये भी पढ़ेंः- Under-19 Asia Cup: सहवाग और रायचंदानी ने लगाई हॉफ सेंचुरी, भारत ने नेपाल को 10 विकेट से दी शिकस्त
 

अन्य प्रमुख खबरें