PM Modi ने काशी को दी करोड़ों की सौगात, अरविंद टेक्सटाइल फैक्ट्री का किया शुभारंभ

खबर सार :-

PM Modi Varanasi visit: पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के रूपापुर में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 'अरविंद टेक्सटाइल मिल' का उद्घाटन किया और वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों से बातचीत की।
पीएम मोदी ने काशी को दी सौगात, टेक्सटाइल फैक्ट्री का किया उद्घाटन

खबर विस्तार : -

PM Modi Varanasi visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। उन्होंने मिर्जामुराद इलाके के खोचवां में करोड़ों रुपये की लागत से बनी अरविंद लिमिटेड की एक नई टेक्सटाइल फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इसके बाद, पीएम नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायु सेना (IAF) के एयर शो देखने के लिए रवाना हुए। पीएम के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व सीएम योगी समेत प्रमुख हस्तियां काशी के आसमान में विमानों की कलाबाजी देखेंगे।

पीएम ने करीब सात एकड़ में फैली इस फैक्ट्री का निरीक्षण किया और उत्पादन प्रक्रिया के बारे में जानने के लिए महिला कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से फैक्ट्री में बनने वाले कपड़ों और उत्पादन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली। दरअसल इस फैक्ट्री में अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे कपड़े बनाए जाएंगे। कंपनी इन उत्पादों को निर्यात करने की भी योजना बना रही है। इसके बाद, प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायु सेना के एयर शो, 'विंग्स ओवर गंगा' में शामिल होंगे।

पीएम मोदी ने किया रोड़ शो

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक एयर शो में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से नमो घाट पहुंचे। पुलिस लाइंस से नमो घाट तक के रास्ते में, कई जगहों पर मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। भदऊ चुंगी के पास, पीएम मोदी की एक झलक पाने की उम्मीद में सड़क के दोनों ओर हजारों लोग खड़े थे। अपने समर्थकों का उत्साह देखकर, पीएम मोदी ने अपनी गाड़ी रुकवाई, बाहर निकले और भीड़ की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।

राफेल-सुखोई और तेजस दिखाएंगे हवाई करतब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायु सेना (IAF) के एयर शो 'विंग्स ओवर गंगा' देखने पहुंच गये हैं। यह कार्यक्रम भारतीय वायु सेना की स्थापना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस एयर शो में कुल 100 विमान हिस्सा लेंगे, जिनमें राफेल और सुखोई जैसे 52 लड़ाकू विमान शामिल हैं।
 एयर शो के दौरान, भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान आसमान में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। 

ये भी पढ़ेंः- PM मोदी और CM विजय ने चेन्नई मेट्रो ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, 750 करोड़ की लागत से तैयार हुआ कॉरिडोर

राफेल और सुखोई जैसे विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए कई तरह के हवाई करतब दिखाएंगे जैसे अचानक दिशा बदलना, तेजी से ऊपर चढ़ना और नीचे गोता लगाना, और हवा में गोल चक्कर (लूप) बनाना। इसके अलावा, भारतीय वायु सेना की एरोबैटिक टीमें भी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमताओं, तकनीकी दक्षता और हवाई कौशल को उजागर करेगा।

एयर शो को लेकर लोगों में उत्साह

एयर शो को लेकर वाराणसी की जनता में काफी उत्साह है। भारतीय वायु सेना के विमानों के करतब देखने के लिए नमो घाट और आसपास के घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जमा हुए हैं। गंगा नदी के दूसरी ओर भोसले घाट और रामनगर की तरफ भी दर्शकों की भारी भीड़ पहुंची है। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए विभिन्न समुदायों के लोग घाटों और तय की गई जगहों पर इकट्ठा हुए हैं। एयर शो स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चे प्रस्तुतियां दे रहे हैं, जबकि दर्शक गंगा के ऊपर विमानों के उड़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पूरे इलाके में देशभक्ति का माहौल है।

एयर शो को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उधर एयर शो को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट और आसपास के इलाकों में जल पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के जवानों के साथ-साथ गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा के तहत, सैन्य हेलीकॉप्टरों से भी निगरानी रखी जाएगी। प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे को देखते हुए, ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है। चौकाघाट चौराहे से गोलगड्डा और राजघाट की ओर ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। सुजाबाद (पड़ाव) से चौकाघाट की ओर भी ऑटो-रिक्शा, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। 

ये भी पढ़ेंः- Sharad Purnima: शरद-पूर्णिमा पर प्रयागराज में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

अन्य प्रमुख खबरें