Mumbai Heavy Rain: मुंबई में मूसलाधार बारिश से मचा हाहाकार, स्कूल-कॉलेज बंद, उड़ानें और लोकल ट्रेनें भी प्रभावित

खबर सार :-

Mumbai Heavy Rain: मुंबई में मानसून की बारिश इतनी ज़बरदस्त है कि इसने हलचल भरे शहर की रफ़्तार रोक दी है। सपनों के शहर मुंबई में पिछले पांच दिनों से भारी बारिश हो रही है। सड़कों पर पानी जमा हो रहा है, जिससे घरों और दुकानों में पानी भर गया है। कई जगहों पर रेलवे ट्रैक भी पानी में डूब गए हैं।
Mumbai Heavy Rain: मुंबई में मूसलाधार बारिश से मचा हाहाकार, स्कूल-कॉलेज बंद, उड़ानें और लोकल ट्रेनें भी प्रभावित

खबर विस्तार : -

Mumbai Heavy Rain Update: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने शहर को पूरी तरह से जलमग्न कर दिया है। सड़कें नदियों में बदल गई हैं, घरों और दुकानों में पानी भर गया है और लोकल ट्रेनों के साथ फ्लाइटों पर भी असर पड़ा है। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

Mumbai Rain: स्कूल-कॉलेज बंद

उधर एहतियात के तौर पर, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी (schools colleges closed) की घोषणा की है। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। ठाणे, नवी मुंबई और पालघर में भी स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, सरकारी और प्राइवेट ऑफिस खुले रहेंगे और कामकाज तय समय के अनुसार चलता रहेगा।  इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अंधेरी सबवे में पानी भरने के बाद इसे बंद कर दिया गया है। भांडुप में भारी बारिश के कारण एक निर्माण स्थल ढह गया है। नवी मुंबई में सब्जी मंडी के गेट पर पानी भर गया है। दादर में मीनाताई ठाकरे बाजार में एक पेड़ गिर गया।

5 दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश

दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon) के सक्रिय होने के बाद से मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले 5 दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव के कारण सड़क यातायात बाधित हुआ है; कई जगहों पर गाड़ियां फंसी हुई हैं या पानी में डूबी हुई हैं। कुछ इलाकों में जान-माल के नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना वजह घर से बाहर न निकलें और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें।

सभी परीक्षाएं रद्द

भारी बारिश को देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने सोमवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा जल्द ही ऑफिशियल वेबसाइट पर की जाएगी। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट के लिए नियमित रूप से यूनिवर्सिटी की वेबसाइट देखते रहें।

भारी बारिश से फ़्लाइट और लोकल ट्रेनें प्रभावित

बारिश का असर ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर भी साफ दिख रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारी बारिश और कम विजिबिलिटी के चलते रनवे का कामकाज लगभग एक घंटे ठप रहा। जिसकी वजह से  4 फ्लाइट रद्द कर दी गईं। साथ 13 विमानों को डायवर्ट कर दिया गया। इस बीच, मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं; कुर्ला में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) सहित 10 से अधिक प्रमुख स्थानों पर जलजमाव के कारण कई ट्रेनें देरी से चलीं। 

वेस्टर्न रेलवे (मुंबई डिवीज़न) ने यात्रियों के लिए एक एडवाइज़री जारी की है, जिसमें कहा गया है कि पानी भरने के कारण वसई रोड और विरार स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे देरी की संभावना को ध्यान में रखें, अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। असुविधा के लिए हमें खेद है और हम आपके धैर्य और सहयोग की सराहना करते हैं।

 प्रशासन ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील 

BMC और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार स्थिति पर नज़र रख रही हैं। संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव दल तैनात किए गए हैं और पानी निकालने का काम तेज़ी से चल रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और ज़रूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ेंः- Mumbai Heavy Rain Alert: भारी बारिश से मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाके बेहाल, चार जिलों में रेड अलर्ट जारी

अन्य प्रमुख खबरें