Independence Day 2026: जश्न-ए-आजादी की तैयारी, लाल किला पर हुई फुल ड्रेस रिहर्सल, अभेद्य किले में तब्दील दिल्ली

खबर सार :-

लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस की फुल-ड्रेस रिहर्सल की गई। सैनिकों की शानदार मार्चिंग और हेलीकॉप्टर से तिरंगे रंगों की बारिश ने पूरे देश को जश्न के माहौल में सराबोर कर दिया है।
Independence Day 2026: लाल किले पर जश्न-ए-आजादी की फुल ड्रेस रिहर्सल

खबर विस्तार : -

Independence Day 2026: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मौके पर इस साल वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है। समारोह में इस गीत को विशेष स्थान दिया जाएगा। गुरुवार को राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास फुल-ड्रेस रिहर्सल की गई। यह रिहर्सल मजबूत सुरक्षा इंतजामों और सख़्त ट्रैफिक मैनेजमेंट उपायों के बीच हुई।

दिल्ली अभेद्य किले में तब्दील 

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। पीएम के संबोधन को देखते हुए राजधानी में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसलिए दिल्ली को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। कई जगहों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। सीमाओं पर गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है। ये उपाय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए किए गए हैं, ताकि पुलिस शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित कर सके।

लाल किले पर जश्न-ए-आजादी की फूल-ड्रेस रिहर्सल

लाल किले पर 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले आज, 13 अगस्त को फुल-ड्रेस रिहर्सल हुई। इस रिहर्सल के कारण दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए थे। सुरक्षा के इन कड़े इंतजामों के बीच, परेड और शानदार देशभक्तिपूर्ण प्रदर्शनों ने 15 अगस्त के समारोह के लिए राजधानी में उत्सव का माहौल बना दिया। लाल किले की ऐतिहासिक लाल दीवारों के सामने तिरंगा शान से लहरा रहा था और सुरक्षा बलों ने बेहतरीन तालमेल के साथ फुल-ड्रेस रिहर्सल की। बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने 'विकसित भारत @ 2047' की थीम को अनोखे और प्रभावशाली ढंग से पेश किया। 

हजारों लोगों की मौजूदगी ने इस प्रस्तुति को भव्य बना दिया और भारत के विकास की झलक दिखाई। आसमान से हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे के रंगों की बारिश की, जिससे यह मौका और भी खास हो गया। 'वंदे मातरम' के संदेश के साथ यह नजारा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बन गया। हेलीकॉप्टरों से फूलों की बारिश ने समारोह की शुरुआत को और भी यादगार बना दिया।

Independence Day 2026 पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले पूरी राजधानी में सुरक्षा इंतजाम काफी मजबूत किए गए हैं और दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए हैं। कई संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके में 1,000 खास CCTV कैमरे लगाए हैं, जो सभी एक सेंट्रल कंट्रोल रूम से जुड़े हैं। संदिग्धों की तुरंत पहचान के लिए कई जगहों पर फेशियल रिकग्निशन कैमरे भी लगाए गए हैं। साथ ही वीडियो एनालिटिक्स और AI-इनेबल्ड कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाए हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 20,000 जवानों को तैनात किया गया है। इस तैनाती में दिल्ली पुलिस, पैरामिलिट्री फोर्स और NSG कमांडो के साथ-साथ NDRF और फायर डिपार्टमेंट की टीमें भी शामिल हैं।

इस साल खास होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह

इस साल, सरकार स्वतंत्रता दिवस समारोह (Independence Day 2026) के दौरान युवा अचीवर्स पर ध्यान देगी। 2026 में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथमेटिक्स में इंटरनेशनल ओलंपियाड में मेडल जीतने वाले 19 स्टूडेंट्स को सम्मानित किया जाएगा। स्पेशल गेस्ट के तौर पर बुलाए गए अन्य युवा अचीवर्स में युवा इनोवेटर्स, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के इंटर्न्स, स्टार्टअप फाउंडर्स, पीएम कौशल विकास योजना के लाभार्थी, स्टार्टअप इंडिया सीड फंड से सपोर्टेड स्टार्टअप्स और 'MY Bharat' के वॉलंटियर्स के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।

हमेशा की तरह, विपक्ष के नेता को भी बुलाया जाएगा और बैठने की व्यवस्था पूरी तरह से वरीयता क्रम (order of precedence) के आधार पर होगी।  रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 2025 और 2026 में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था की गई थी। इस साल के समारोह के लिए, बैठने की जगहों के नाम प्रमुख भारतीय झीलों के नाम पर रखे जाएंगे ताकि जल संरक्षण की ओर ध्यान आकर्षित किया जा सके।

ये भी पढ़ेंः- सुप्रीम कोर्ट का कड़ा चाबुक: रिहायशी इलाकों में अब 'बुलडोजर ऐक्शन' की तैयारी, अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज

अन्य प्रमुख खबरें