वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोपों पर कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन

खबर सार :-

कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन किया। पी चिदंबरम और केसी वेणुगोपाल के बयान पढ़ें।
पी चिदंबरम का मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना, कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी ने देश भर में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए देश भर में विरोध प्रदर्शन किए। इस आंदोलन के तहत देश के एक हजार से अधिक स्थानों पर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

पी चिदंबरम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा

कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। चिदंबरम ने तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के कराईकुडी में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों में चुनाव आयोग के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि देश भर में 13,30,00,000 वयस्क मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। चिदंबरम ने पश्चिम बंगाल के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि यदि प्रभावित लोग न्यायाधिकरण में अपील करते हैं, तो 91 प्रतिशत अपीलें स्वीकार होने की संभावना है, जिससे उनके नाम सूची में फिर से जोड़े जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवैध और सामूहिक मताधिकार से वंचित करने की प्रक्रिया के लिए चुनाव आयोग पूरी तरह से जिम्मेदार और दोषी है। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत निलंबित किया जाना चाहिए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाना चाहिए।

देशव्यापी आंदोलन को जनता की स्वाभाविक प्रतिक्रिया : कांग्रेस

इस बीच, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस देशव्यापी आंदोलन को जनता की स्वाभाविक प्रतिक्रिया बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की टिप्पणियों को नजरअंदाज किया। उन्होंने दावा किया कि यह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश थी। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने हालिया चुनावों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। महासचिव केसी वेणुगोपाल ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार के चुनावों को 'चोरी के चुनाव' करार दिया है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि 30 सितंबर को 'इंडिया अलायंस' की बैठक होगी, जिसमें आगे के स्पष्ट कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

यह भी पढ़ेंः-यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्टार्टअप्स का नवाचार बना आकर्षण, 5 हजार से ज्यादा विजिटर्स ने देखा पवेलियन

अन्य प्रमुख खबरें