महापर्व छठ: जानिए नहाय-खाय से भोर के अर्घ्य तक की परंपरा

खबर सार :-

छठ महापर्व में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं रहता है। यह दुनिया के पर्वाें से अलग पर्व है। इसे मनाने वालों की संख्या हर साल बढ़ रही है। दुनियाभर में यह मनाया जाने लगा है।
छठ महापर्व: जितना आदर सूर्य के उदय को, उतना ही अस्त को

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली, छठ महापर्व अब भारत में पूर्वांचल का ही पर्व नहीं रहा, यह दुनिया के कई देशों में जहां-जहां पर भारतीय  रहने लगे हैं, वहां यह पर्व मनाया जाने लगा है। छठ महापर्व सभी पर्वाें से अलग है, क्योंकि अन्य पर्व में उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। छठ पर्व में सूर्यास्त के समय सूर्य को अर्ध्य दिया जाता है, उसके बाद अगली सुबह को उगते हुए सूर्य की पूजा की जाती है।

यह भी पढ़ें: गांधीसागर बनेगा देश के हरित ऊर्जा भंडारण का बड़ा केंद्र, अब तक की सबसे बड़ी परियोजना

अक्सर देखा जाता है कि जो सत्ता में है, उसकी जय जयकार होती है। छठ पर्व में ऐसा नहीं है। यह जीवन को जीना सिखाता है। परिवार में वंश वृद्धि की कामना के साथ पर्व की शुरुआत होती है। इस पर्व में पहले अस्ताचलगामी यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। बाद में अगले दिन उदीयमान यानी उगते हुए सूर्य की पूजा की जाती है। इस पर्व से बड़ी सीख मिलती है। जो सूर्य अस्त होने जा रहा है, यानी जो अपनी ऊर्जा को नहीं दिखा पा रहा, उसकी भी पूजा की जाती है। जिस प्रकार सूर्य का सूर्यास्त के बाद उदय निश्चित है, उसी प्रकार जीवन की शुरुआत की संभावना भी निश्चित होती है।

खाली पड़े खेतों से उम्मीद और आशा का प्रवाह भी करता

यह पर्व हमें खेतों की हरियाली की और भी ध्यान दिलाता है और खाली पड़े खेतों से उम्मीद और आशा का प्रवाह भी करता है। छठ के लिए जरूरी है कि केवल उन्नति और सफलता ही नहीं, बल्कि अनुभव और आधार भी रखना चाहिए। वही व्यक्ति छठ की पूजा करें, जो शरीर और मन को शुद्ध करने की क्षमता रखता हो। यह चार दिवसीय अनुष्ठान होता है और इसमें असीम श्रद्धा व निष्ठा रखनी होती है। इस पर्व की शुरुआत नहाए खाए से होती है। घर की साफ सफाई के बाद सात्विक भोजन जैसे चने की दाल, सब्जी, लौकी, खाने के बाद खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से व्रत के लिए तैयार करती है।

इस दौरान खाने-पीने की परंपरा कुछ अलग रहती है, क्योंकि दूसरे दिन खरना की परंपरा है। खरना के लिए वृती उपवास रखती है और शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर लकड़ी जलाकर गुड़ और चने के रस से बनी खीर को प्रसाद के रूप में वितरण करने के बाद खाती हैं। इसके लिए चूल्हे की परंपरा निभाई जाती है। पहले से ही चूल्हा बनकर तैयार कर लिया जाता है। खीर खाने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होता है। यह अत्यंत कठिन पर्व होता है। छठ महापर्व के दूसरे दिन बनने वाली साठी की भी परंपरा है। चावल और गुड़ से बनी खीर का विशेष धार्मिक महत्व तो है ही इसका वैज्ञानिक महत्व भी बताया जा रहा है।

खीर से भगवान छठी मैया का भोग लगाया जाता

कहते हैं कि साठी का चावल अत्यंत प्राचीन होता है और यह गुड़ के साथ पवित्र शुद्ध और सात्विक खीर के रूप में खाया जाता है। इस प्रसाद को खरना की शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित किया जाता है। परंपरा तो यह भी है कि इसी खीर से भगवान छठी मैया का भोग लगाया जाता है। प्रसाद ग्रहण करने के बाद वृती का लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। मनोवैज्ञानिक और आयुर्वेद के लिहाज से इस खीर के लिए बताया गया है कि यह आवश्यक बल आंतरिक ऊर्जा प्रदान करता है। गुड़ की तासीर गर्म होती है और यह शरीर को अंदर से शक्ति देता है। इसके और भी कई लाभ हैं।

यह सुपाच्य होता है। उपवास से पहले पाचन तंत्र पर अतिरिक्त भार नहीं डालता है। इसके बाद तीसरे दिन की शुरुआत होती है। इसमें शाम के समय अर्घ्य देने की परंपरा सदियों से निभाई जा रही है। तालाब में या फिर नदियों में इसके अलावा जहां भी जल इकट्ठा किया जा सकता है, वहां पर ठंडे जल में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को पूरी आस्था के साथ अर्घ्य दिया जाता है। चौथे और अंतिम दिन सुबह सवेरे ही अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जा रही है। इस पर्व में प्रसाद के रूप में ठेकुआ, खजुरिया, कसर और टिकरी के अलावा मौसमी फल शामिल किए जाते हैं।

प्याज-लहसुन के अलावा भी कई चीजें वर्जित मानी जाती

इसमें शुद्धता का बड़ा महत्व होता है। प्याज और लहसुन के अलावा भी कई चीजे वर्जित मानी जाती हैं। प्रसाद को बांस से बनी छोटी टोकरियों में सजाया जाता है। इसे पूरी तरह से इको फ्रेंडली मानते हैं। छठ पूजा की तैयारी कई सप्ताह पहले से होने लगती है। इसमें कहीं पर किसी प्रकार का जाति या लैंगिक भेदभाव नहीं रहता है। महिलाओं के साथ पुरुष भी पूजा के दौरान मौजूद रहते हैं। नदी और घाटों पर सामान्य व्यक्ति से लेकर वीआईपी लोग भी शामिल होते हैं। 

यह भी पढ़ें: पुलिस स्मृति दिवस पर अमित शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी, कई नेताओं ने भी किया नमन

अन्य प्रमुख खबरें