BRICS Summit 2026: 7 साल बाद भारत पहुंचे चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, शाम को PM मोदी से होगी मुलाकात

खबर सार :-

BRICS Summit 2026 Updates: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली में होने वाले BRICS समिट में एक साथ शामिल होंगे।
BRICS Summit के लिए 7 साल बाद भारत पहुंचे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग

खबर विस्तार : -

BRICS Summit 2026: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे। पालम एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत पहुंचे हैं। 2020 की गलवान झड़प के बाद यह जिनपिंग का यह पहला भारत दौरा है। BRICS समिट में शामिल होने के बाद वे आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय से जारी राजनयिक सुधार की प्रक्रिया के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जितिन प्रसाद ने किया शी जिनपिंग का स्वागत

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का स्वागत किया है। शी जिनपिंग के साथ 400 लोगों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आया है, जिसमें उनकी कैबिनेट के कई वरिष्ठ मंत्री भी शामिल हैं। दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर वह विमान से बाहर आए और हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। चीनी राष्ट्रपति दिल्ली के ताज होटल में ठहरेंगे। शी जिनपिंग की भारत यात्रा दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

10 साल बाद एक साथ दिखेंगी तीन महाशक्तियां

दरअसल ब्रिक्स समिट के लिए कई बड़े नेता दिल्ली में हैं, जिनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन शामिल हैं। 11 सितंबर को जब पुतिन दिल्ली पहुंचे, तो विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया, जबकि पेज़ेशकियन का स्वागत राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने किया। BRICS समिट में मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और जिनपिंग करीब 10 साल बाद एक साथ नजर आएंगे। तीनों नेता 2016 के गोवा BRICS समिट में भी साथ शामिल हुए थे।

यह भी पढ़ें : रूसी राष्ट्रपति पहुंचे भारत, दुनिया की नजरें पुतिन-मोदी की द्विपक्षीय वार्ता पर

शाम को PM मोदी से मुलाकात करेंगे शी जिनपिंग

शी जिनपिंग का ब्रिक्स सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्वीपक्षीय बातचीत का कार्यक्रम है। यह मुलाकात शाम 5.45 बजे होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, शी पीएम मोदी के निमंत्रण पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार को बीजिंग से नई दिल्ली पहुंचे हैं। शी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और चीन 2020 की घातक गलवान झड़पों के बाद अपने द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। 

भारत ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास और प्रगति के लिए एक पूर्व शर्त है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी ने हाल ही में बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट के दौरान संक्षिप्त बातचीत की थी। अब उम्मीद है कि दोनों नेता इस सप्ताहांत नई दिल्ली में ब्रिक्स समिट के दौरान विस्तृत द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।

ब्रिक्स समिट में शी की भागीदारी से दोनों पक्षों को भारत-चीन संबंधों की व्यापक दिशा पर चर्चा करने का अवसर मिलने की उम्मीद है। समिट में समूह के भीतर सहयोग को मजबूत करने और आपसी महत्व के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने पर भी ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।

भारत-चीन के बीच किन मुद्दों पर होगा फोकस

  • अभी भारत और चीन छह बड़े मुद्दों पर काम कर रहे हैं, जिनमें LAC की स्थिति से लेकर व्यापार तक के मामले शामिल हैं। 
  • इन मुद्दों में सीमा विवाद सबसे अहम है। दोनों देश सीमा विवाद को सुलझाने के लिए एक एक्सपर्ट ग्रुप बनाने पर सहमत हुए हैं।
  • इसके अलावा, सीमा पर दो अतिरिक्त मिलिट्री कॉन्टैक्ट पॉइंट और पूर्वी व मध्य सेक्टर के लिए दो मिलिट्री हॉटलाइन बनाने पर भी सहमति बनी है। इन फैसलों पर अब दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार है।
  • दूसरा बड़ा मुद्दा दोनों देशों के बीच व्यापार से जुड़ा है। 2025-26 में भारत ने चीन से लगभग 11.4 लाख करोड़ रुपये का सामान आयात किया। नतीजतन, चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 8.6 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा हो गया।

PM मोदी की 5 वर्ल्ड लीडर्स से मुलाकात का शेड्यूल

पीएम मोदी शनिवार को कई विदेशी नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। जिसका शेड्यूल इस प्रकार है.....

  • सुबह 10:00 बजे – हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली।
  • सुबह 10:30 बजे – मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम।
  • सुबह 11:00 बजे – अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद।
  • सुबह 11:30 बजे – वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग।
  • शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे* – भारत मंडपम में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है।

दिल्ली में BRICS समिट को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद

राजधानी दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अलावा सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं।  सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा में तैनात पुलिस वाहनों की भी स्निफर डॉग से जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिए 15,000 पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां लगाई गई हैं। तकनीकी उपकरण भी लगाए गए हैं, ताकि किसी भी खतरे का पता लगाया जा सके। आईजीआई एयरपोर्ट से शांति पथ तक के रास्तों पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और पांच कंट्रोल रूम बनाए हैं। 

ये भी पढ़ेंः- चीन बढ़ा रहा दोस्ती का हाथ, ब्रिक्स सम्मेलन पर दुनिया की निगाह

अन्य प्रमुख खबरें