शहडोलः खेत की मेड़ पर अरहर उगाई, नई मिसाल पेश कर रहे सुडवार के किसान

खबर सार :-

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू विकासखंड का सुडवार गांव खेती में नवाचार और आत्मनिर्भरता के लिए दो कदम आगे चल रहा है। यहां किसान का प्रयास अनूठी मिसाल बनकर उभर रहा है।
सीमित जमीन का बेहतर उपयोग, सुडवार के किसान चल रहे दो कदम आगे

खबर विस्तार : -

शहडोल, कम जमीन होने का मतलब यह नहीं है कि किसान का मनोबल भी कमजोर हो जाए। मध्य प्रदेश के शहडोल के किसानों ने थोड़ी सी जमीन पर बड़ा दिल दिखाया है। सुडवार गांव के किसान औरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। किसानों ने खेत में खान की फसल उगाई है, जबकि किनारे और मेड पर अरहर की खेती की है। अफसर भी इसे देखने के लिए गांव पहुंचे हुए हैं।

यह भी पढ़ें : वाशिंगटन के गोल्फ कोर्स-पार्क मामले पर ट्रंप प्रशासन को झटका, जज ने फैसले पर अस्थायी रोक

धान की खेती के साथ अब किसानों को अरहर पसंद

सीमित कृषि भूमि का बेहतरीन उपयोग करने वाले किसान बता रहे हैं कि धान की खेती लहलहा रही है। किनारो पर अरहर की फसल भी अच्छी है। इस फसल से उनको दलहन का लाभ मिल रहा है, जबकि सालभर के लिए चावल हो रहा है। किसानों का कहना है की दाल और चावल उनके लिए जरूरत भर का पैदा हो रहा है। गांव के किसान जिनके पास 2 एकड़ भूमि है, वह किसी और फसल को नहीं बो रहे हैं। धान की खेती के साथ अब उनको अरहर पसंद आ रहा है।

पहले उनके खेतों में सीजन में एक ही फसल हो पाती थी। बाकी समय में खेत खाली रहते थे। अब उनकी मेड में अरहर है। पहले घास और खरपतवार उगता था। इससे उन्हें उत्पादन का बेहतर लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब किसान धान के साथ लगभग 130 से 150 किलोग्राम तक अरहर का उत्पादन कर रहे हैं। यहां के किसानों का कहना है कि परिवार के लिए दाल भरपूर मात्रा में मिल जाती है। एक किसान ने बताया कि लगभग एक एकड़ भूमि में धान की खेती के साथ मेडों पर अरहर लगाते है। 

इस पद्धति को ज्यादा लोगों में अपनाने की अपील

उन्हें 60 से 80 किलोग्राम तक दाल की प्राप्ति हो रही है। अब किसान इस पद्धति को ज्यादा से ज्यादा लोगों में अपनाने की अपील कर रहे हैं। विभागीय प्रोत्साहन से भी नवाचार बढा है।  गोहपारू विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सी.बी. बागरी ने बताया कि सुडवार गांव में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

यदि एक मेढ़ दो किसानों के खेतों की सीमा पर है, तो दोनों किसान अपनी-अपनी ओर अरहर की फसल लगा सकते हैं। इस पहल से आसपास के गांवों के किसान भी प्रेरित हो रहे हैं। सहायक संचालक कृषि रामेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में पिछले चार-पांच वर्षों से विभागीय योजनाओं के माध्यम से दलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

धीरे-धीरे बढ रहा है खेती का रकबा 

जिले में खरीफ वर्ष 2025 में कुल 27 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन की खेती की गई थी। 2026 में 28 हजार 150 हेक्टेयर हो गई है। अरहर का रकबा 14 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 14 हजार 350 हेक्टेयर पहुंच गया है। इसी तरह कई और फसलों पर इसका प्रभाव पड़ रहा है। किसान खेती पर ज्यादा ध्यान देने लगे हैं। इसके परिणामस्वरूप खरीफ में अरहर तथा रबी में चना और मसूर के रकबे में वृद्धि हुई है। सुडवार गांव के किसानों की यह पहल साबित कर रही है कि खेती में छोटे-छोटे नवाचार अपनाकर भी बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। खेत की खाली मेढ़ों पर अरहर लगाकर किसान अतिरिक्त उत्पादन प्राप्त करने के साथ अपनी घरेलू जरूरतें पूरी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  पुष्कर मेले में देशी महिलाओं का दबदबा, मटका और म्यूजिकल चेयर रेस में जीते खिताब

अन्य प्रमुख खबरें