सीधी बुवाई और रोपाई से तैयार धान की फसल की हार्वेस्टर से कटाई, उपज लगभग बराबर, लागत में बड़ा अंतर

खबर सार :-

धान की बुवाई में ज्यादा लागत से बचने के लिए अब सीधी बुवाई को महत्व दिया जाना उचित ही रहेगा। वैज्ञानिकों ने लगातार की निगरानी के बाद यह निष्कर्ष निकाला है।
धान की खेती में करें सीधी बुवाई, उत्पादन लागत भी आएगी कम

खबर विस्तार : -

 गाजीपुर, धान की सीधी बुवाई और परंपरागत रोपाई से तैयार फसलों की उपज में लाभ का अंतर काफी माना जा रहा है। हालांकि, उपज लगभग बराबर मिली रही है। उत्पादन लागत में सीधी बुवाई की पद्धति अधिक किफायती साबित हुई। इसे अनुभव, निगरानी और निष्कर्ष के आधार पर नहीं बल्कि प्रायोगिक तौर पर सिद्ध किया गया है।

 यह भी पढ़ें: आपदा से निपटने को हर जिले में तैयार होंगे प्रशिक्षित नागरिक: योगी आदित्यनाथ

तुलनात्मक आकलन करने में बड़ा अंतर पाया गया

सोमवार को उत्तर प्रदेश एग्रीज परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (आईआरआरआई) के वाराणसी स्थित दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईसार्क) की टीम ने इस संबंध में एक अध्ययन सामने रखा। इसे गाजीपुर के भांवरकोल ब्लॉक के अराजी बुढ़ैला गांव में किसान के खेत में प्रयोग और उसका अध्ययन करने के बाद बताया गया। यहां पर दोनों पद्धतियों से उगाई गई धान की फसल की हार्वेस्टर से कटाई कर तुलनात्मक आकलन करने में बड़ा अंतर पाया गया।

कटाई के दौरान दोनों विधियों से तैयार फसल को सामने लाया गया। यहां की उपज करीब 20 क्विंटल प्रति बीघा रही। हालांकि, लागत के लिहाज से सीधी बुवाई का तरीका बेहतर नजर आया। किसान ने परंपरागत रोपाई में नर्सरी तैयार करने और पौधों की रोपाई कराने पर आए खर्च की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रति बीघा करीब चार से पांच हजार रुपये खर्च बेकार जाता है।  खेत में लगातार पानी भरा रखना पड़ता है। इससे सिंचाई पर भी अधिक खर्च का बोझ उठाना पड़ता है।

सहयोग के लिए आईसार्क की टीम का आभार जताया

फसल की कटाई और आकलन के दौरान आसपास के कई किसानों ने भी वास्तविकता देखी। उनके सामने दोनों पद्धतियों से तैयार फसल का प्रदर्शन किया गया। यह देखकर वह हैरान रहे। उनके व्यावहारिक लाभों की जानकारी भी किसानों ने एक दूसरे से साझा की। किसान ने सीधी बुवाई को अपनाने में तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आईसार्क की टीम के सदस्य डॉ. दिलवर सिंह, गोविंद सिंह और उदय सिंह का आभार जताया।

किसान ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष पांच जून को करीब 20 बीघा क्षेत्र में सीड ड्रिल मशीन से धान की सीधी बुवाई की थी। इस दौरान से ही खर्च, समय और तरीके का अध्ययन किया जाने लगा था। इस प्रयोग में आईसार्क की टीम ने उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन किया। उस टीम के साथ फसल की विभिन्न अवस्थाओं में निगरानी भी की गई। संस्थान की ओर से आवश्यक कीटनाशक भी निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इनकी गुणवत्ता और लागत को बराबर ध्यान दिया गया।

खेत में लगातार पानी जमा रखने की जरूरत नहीं पड़ती

यह दोनों पद्धतियों में उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि सीधी बुवाई की पद्धति में खेत में लगातार पानी जमा रखने की जरूरत नहीं पड़ती। फसल की सिंचाई गेहूं की तरह जरूरत के अनुसार की जाती है। इससे लागत में काफी फर्क आ जाता है। पानी और सिंचाई पर होने वाले खर्च में कमी हो जाती है। जबकि, परंपरागत रोपाई के बाद खेत की मिट्टी अधिक कड़ी हो जाती है। इससे अगली फसल की बुवाई में काफी परेशानी आती है।

इसके लिए अतिरिक्त जुताई और समय की जरूरत पड़ने के कारण खर्च बढ़ जाता है। किसान ने बताया कि सीधी बुवाई वाले खेत में धान की कटाई के बाद कम समय में अगली फसल, खासकर गेहूं की बुवाई की तैयारी की जा सकती है। इससे श्रम और लागत की बचत के साथ फसल चक्र का बेहतर प्रबंधन भी संभव है।

 यह भी पढ़ें:Rajasthan पंचायत चुनावों की मतगणना शुरू, मंत्रियों की पत्नियां और बेटियां राजनीतिक राह प

अन्य प्रमुख खबरें