अयोध्या। संगठन की मजबूती और वैचारिक धार को तेज करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब 'प्रशिक्षण' का बिगुल फूंक दिया है। आगामी 7 मार्च से लेकर 14 अप्रैल तक अयोध्या के सभी मंडलों में गहन प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए मंगलवार को सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय के सभागार में जिला पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न हुई।
बैठक का मुख्य केंद्र संगठनात्मक ढांचे को और अधिक अभेद्य बनाना और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में पूरी तरह सक्रिय करना रहा।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय महामंत्री एवं महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने दो-टूक शब्दों में कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके 'प्रशिक्षित' कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा, "संगठन की मजबूती का आधार केवल संख्या बल नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता होते हैं। ये कार्यशालाएं हमारे कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता देंगी और उन्हें बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान में अधिक प्रभावी बनाएंगी।" उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि समयसीमा के भीतर प्रत्येक मंडल में उच्च स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएं, ताकि संगठन को धरातल पर नई ऊर्जा मिल सके।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने भारतीय जनता पार्टी की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए बताया कि पार्टी का 'संगठन पर्व' मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण चरणों में विभाजित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका प्रथम चरण सदस्यता अभियान था जो सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण में संगठन के पदाधिकारियों का चयन किया गया। अब इसका तृतीय और सबसे महत्वपूर्ण चरण 'प्रशिक्षण' शुरू होने जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने जानकारी दी कि आगामी कार्यक्रमों के तहत प्रत्येक मंडल में सात विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और पार्टी की मूल विचारधारा से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही, अनुभवी वक्ताओं द्वारा वर्तमान समय की मांग के अनुसार सोशल मीडिया का सटीक प्रबंधन, सेवा कार्यों का क्रियान्वयन और भविष्य की चुनावी रणनीतियों पर भी गहन मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
पार्टी ने साफ कर दिया है कि इन कार्यशालाओं में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडल के सभी प्रवासी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की सहभागिता अनिवार्य की गई है। कार्यशाला का उद्देश्य केवल भाषण देना नहीं, बल्कि 'टू-वे कम्युनिकेशन' के जरिए कार्यकर्ताओं की शंकाओं का समाधान करना भी है।
सहादतगंज सभागार में आयोजित इस बैठक में अयोध्या की राजनीति के कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, शक्ति सिंह, तिलकराम मौर्या, प्रतिमा शुक्ला और शशि प्रताप सिंह प्रमुख रहे। इनके अलावा शुभम् श्रीवास्तव, हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, अरविंद सिंह, बाल कृष्ण वैश्य, दिव्य प्रकाश तिवारी, रवि शर्मा, सूरज सोनकर, आरिफ अंसारी, आशा गौड और प्रदीप सिंह सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने आगामी अभियान की सफलता का संकल्प लिया।
अन्य प्रमुख खबरें
नगरपालिका भर्ती घोटालाः पूर्व मंत्री रथिन घोष से दोबारा पूछताछ करेगी ईडी, समन जारी
भविष्य की तैयारी में जुटी असम सरकार: गुवाहाटी के आसपास सरकारी जमीनों को सुरक्षित करने का बड़ा अभियान
अरविंद केजरीवाल को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली राहत, चुनाव लड़ने से रोकने की मांग वाली याचिका खारिज
दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के विरोध में तेलंगाना में बंद रहीं 25000 से अधिक मेडिकल दुकानें
Bandra demolition garib nagar: बांद्रा में 400 घर धवस्त, झुग्गी झोपड़ियों पर बुलडोजर
देहरादून पैनोसिया अस्पताल में एसी ब्लास्ट से लगी आग, एक की मौत दो की हालत गंभीर
भीषण गर्मी से प्रदेश के 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी, 53 जिलों में लू का अनुमान
TN SSLC 10th Result 2026: तमिलनाडु बोर्ड 10वीं रिजल्ट आज, ऐसे चेक करें परिणाम