Mustafizur Rahman Controversy: भारत और बांग्लादेश के बीच तेजी से बदलते राजनीतिक रिश्तों का सबसे ज्यादा असर क्रिकेट पर पड़ रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के बाद, भारत में IPL 2026 में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को न खिलाने के बढ़ते दबाव के बाद BCCI के निर्देशों का पालन करते हुए KKR ने रविवार को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया। रहमान की रिलीज के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड टी20 वर्ल्ड कप ( T20 World Cup 2026) के लिए अपने खिलाड़ियों को भारत न भेजने पर विचार कर रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की इमरजेंसी मीटिंग के बाद मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन ने कहा, "कोलकाता में हमारे तीन T20 वर्ल्ड कप मैच हैं। रहमान के बारे में जो हुआ, उसके बारे में हम ICC को लिखेंगे।" स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने कहा, "भारत में टीम की सेफ्टी को लेकर शक है।"
नजरुल ने अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज पर लिखा, "मैंने BCB से ICC को पूरा मामला समझाने को कहा है। बोर्ड को यह बताना चाहिए कि जब एक बांग्लादेशी क्रिकेटर कॉन्ट्रैक्ट होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता, तो पूरी बांग्लादेश क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप में खेलते हुए सेफ महसूस नहीं कर सकती। मैंने बोर्ड से यह भी रिक्वेस्ट करने को कहा है कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं।" उन्होंने कहा कि देश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय से बांग्लादेश में IPL दिखाना बंद करने की रिक्वेस्ट की गई है।
केकेआर ने IPL 2026 ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुयपे में खरीदा था। BCCI के निर्देशों के बाद, टीम ने शनिवार को रहमान को रिलीज कर दिया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को 2026 के लिए अपने घरेलू शेड्यूल की घोषणा की जिसमें भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज़ शामिल है, जिसे 2025 से आगे बढ़ा दिया गया था।