Syed Mushtaq Ali Trophy 2025: कप्तान ईशान किशन (Ishan Kishan) की अगुवाई वाली झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में झारखंड ने हरियाणा को 69 रनों से हरा दिया। इस जीत के हीरो कप्तान ईशान किशन रहे, जिन्होंने 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसी के साथ ही ईशान फाइनल में शतक बनाने वाले पहले कप्तान भी बन गए। ईशान के अलावा अनुकूल रॉय (Anukul Roy) और कुशाग्र ने शानदार पारियां खेली।
पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर झारखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। झारखंड के लिए पारी की शुरुआत करने वाले कप्तान ईशान किशन ने सिर्फ 45 गेंदों में शतक बनाया। किशन ने 49 गेंदों में 101 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 10 छक्के और 6 चौके लगाए। इसी के साथ ही ईशान किशन ने इतिहास रच दिया। किशन सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के फाइनल में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं।
किशन के अलावा कुमार कुशाग्र ने भी 38 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 8 चौके शामिल थे। किशन और कुशाग्र ने दूसरे विकेट के लिए 177 रनों की साझेदारी की। इसके अलावा अनुकूल रॉय 20 गेंदों में 40 रन और रॉबिन मिंज 14 गेंदों में 31 रन बनाकर नाबाद रहे। झारखंड ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 262 रन बनाए।
263 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा की शुरुआत बहुत खराब रही। टीम ने सिर्फ 1 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए। खराब शुरुआत के बाद हरियाणा कभी उबर नहीं पाया और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा। टीम 18.3 ओवर में 193 रनों पर ऑल आउट हो गई और खिताब का मैच 69 रनों से हार गई।
हरियाणा के लिए विकेटकीपर यशवर्धन दलाल ने 22 गेंदों में 53 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 2 चौके शामिल थे।
उनके अलावा निशांत सिंधु ने 15 गेंदों में 31 रन और सामंत देवेंद्र जाखड़ ने 17 गेंदों में 38 रन बनाए। झारखंड के लिए विकास सिंह और अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट लिए, जबकि सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने 3-3 विकेट लिए। यह झारखंड का पहला खिताब है। झारखंड और हरियाणा दोनों टीमें पहली बार फाइनल में पहुंची थीं।