ICC T20 World Cup : बीसीसीआई (BCCI) ने सोमवार को भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा की है। बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज तिलक वर्मा (Tilak Verma) आगामी टी20 विश्व कप (T20 world cup) के मुख्य मुकाबलों से पहले मैदान पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह सीनियर टीम से जुड़ने से पहले इंडिया-ए की ओर से वार्म-अप मैच में अपनी फिटनेस और फॉर्म को परखेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुष्टि की है कि टी20 विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर इंडिया-ए की टीम यूएसए और नामीबिया के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेगी। इस युवा टीम का नेतृत्व ऑलराउंडर आयुष बदोनी को सौंपा गया है। शेड्यूल के अनुसार, इंडिया-ए अपना पहला मैच नवी मुंबई में अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगी, जबकि दूसरा मुकाबला बेंगलुरु में नामीबिया के विरुद्ध आयोजित होगा। तिलक वर्मा इन दो में से एक मैच का हिस्सा होंगे, जिसके तुरंत बाद वह मुख्य भारतीय टीम के साथ विश्व कप अभियान के लिए रवाना हो जाएंगे।
23 वर्षीय तिलक वर्मा पिछले कुछ समय से चोट से जूझ रहे थे। हाल ही में राजकोट में उनकी लोअर एब्डोमिनल सर्जरी हुई थी, जिसके बाद वे बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे थे। हालांकि उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम दो टी20 मैचों के लिए टीम में शामिल किया जाना था, लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट को देखते हुए उन्हें तब आराम दिया गया था। पिछले शुक्रवार को एक सिमुलेशन मैच में भाग लेने के बाद अब उन्हें मैच फिट घोषित कर दिया गया है।
इस अभ्यास सीरीज की एक और बड़ी खबर तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी है। कमर के स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण आईपीएल 2025 से बाहर रहने वाले मयंक लंबे समय बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलेंगे। न्यूजीलैंड (New Zealand) के क्राइस्टचर्च में सर्जरी कराने के बाद यह उनकी पहली बड़ी अग्निपरीक्षा होगी। वहीं, कंधे की चोट से उबरने के बाद रियान पराग भी मैदान पर लौट रहे हैं। टीम में रवि बिश्नोई (Ravi Bishnoi) और खलील अहमद (Khalil Ahmed) जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे।
आयुष बदोनी (कप्तान), नमन धीर, आशुतोष शर्मा, प्रियांश आर्य, एन जगदीशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रियान पराग, गुरजपनीत सिंह, विपराज निगम, रवि बिश्नोई, खलील अहमद और मयंक यादव, मानव सुथार, अशोक शर्मा, उर्वील पटेल (विकेटकीपर)।