Gold-Silver rate today: हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को कीमती धातुओं के बाजार में हल्की नरमी देखने को मिली। सोमवार को रिकॉर्ड उच्च स्तर छूने के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की, जिसका असर सोने और चांदी दोनों की कीमतों पर पड़ा। हालांकि, जहां सोने की चमक थोड़ी फीकी पड़ी, वहीं चांदी ने रिकवरी करते हुए दोबारा रफ्तार पकड़ ली।
एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,41,577 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। दूसरी ओर, मार्च डिलीवरी वाली चांदी 0.50 प्रतिशत यानी 1,352 रुपये की तेजी के साथ 2,70,322 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड हुई। इससे साफ है कि निवेशकों का झुकाव फिलहाल चांदी की ओर बढ़ रहा है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत घटकर 1,40,482 रुपये रह गई, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,40,499 रुपये थी। मामूली गिरावट के बावजूद सोना अभी भी अपने ऊंचे स्तरों के आसपास बना हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत पहली बार 4,600 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंची थी। इस रिकॉर्ड स्तर के बाद निवेशकों ने मुनाफा कमाने के लिए बिकवाली की, जिससे वैश्विक स्तर पर कीमतों में दबाव आया। इसका सीधा असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।
सोने की कीमतों में हालिया तेजी के पीछे कई वैश्विक कारण रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान से व्यापार करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत टैक्स लगाने की घोषणा और ईरान में बढ़ते प्रदर्शनों के बीच सैन्य कार्रवाई की चेतावनी ने बाजार में अनिश्चितता बढ़ाई। इसके अलावा रूस-यूक्रेन युद्ध और ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका के रुख ने भी निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित किया।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के कमोडिटी उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री के अनुसार, बाजार की नजर अमेरिकी केंद्रीय बैंक के प्रमुख जेरोम पॉवेल से जुड़ी जांच पर टिकी हुई है। पॉवेल ने इसे राजनीतिक दबाव करार दिया है। निवेशक अमेरिका के महंगाई आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे आगे की मौद्रिक नीति की दिशा स्पष्ट होगी। अनुमान है कि इस महीने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं होगा, लेकिन साल के अंत तक दो बार कटौती संभव है।
पिछले सप्ताह आई अमेरिकी रोजगार रिपोर्ट में उम्मीद से कम नौकरियां बढ़ने की जानकारी सामने आई थी। इससे यह भरोसा मजबूत हुआ है कि अमेरिकी फेड इस साल ब्याज दरों में और कटौती कर सकता है। ब्याज दरों में कटौती आमतौर पर सोने के लिए सकारात्मक मानी जाती है।
विश्लेषकों के मुताबिक, सोने को 1,39,550 से 1,37,310 रुपये के बीच मजबूत सपोर्ट मिल रहा है, जबकि ऊपर की ओर 1,44,350 से 1,46,670 रुपये के स्तर पर रेजिस्टेंस देखा जा रहा है। वहीं चांदी के लिए 2,60,810 से 2,54,170 रुपये के बीच सपोर्ट और 2,71,810 से 2,74,470 रुपये के बीच रेजिस्टेंस अहम माना जा रहा है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि चांदी की मांग लंबे समय में मजबूत बनी रहेगी। उद्योगों, इलेक्ट्रिक वाहनों और हरित ऊर्जा परियोजनाओं में बढ़ती जरूरत, साथ ही सीमित आपूर्ति, आने वाले समय में चांदी की कीमतों को और ऊंचा ले जा सकती है।
अन्य प्रमुख खबरें
देश में महंगाई का बदलता ट्रेंड: जरूरी सामान सस्ता, Jewellery-Luxury Items महंगे
Air India का बड़ा दांव: कर्मचारियों को मिलेगा ‘Stock Reward’, परफॉर्मेंस से जुड़ी कमाई
मजबूत Dollar का असर: Gold-Silver की कीमतों में तेज गिरावट, निवेशकों में बढ़ी सतर्कता
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री ने रचा नया इतिहास: AUM 73 लाख करोड़ के पार, इक्विटी और SIP में जबरदस्त उछाल
8th Pay Commission: कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को वेतन-पेंशन बढ़ोतरी की उम्मीद, क्या होगा इसका असर?
सीजफायर होने के बावजूद अस्थिरताः होर्मुज संकट से हिला तेल बाजार, कीमतों में तेज उछाल
मध्य पूर्व तनाव का असर: कच्चे तेल की कीमतों को लगे पंख, MCX पर Gold-Silver में गिरावट
रक्षा खर्च से रफ्तार पकड़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्थाः IMF Report