DRI Action: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने चीन से हो रही पटाखों की अवैध तस्करी को फिर एक बार बड़ा झटका देते हुए 5 करोड़ रुपए की कीमत के 30,000 अवैध चीनी पटाखे जब्त कर लिए। इस पूरे मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मुंद्रा बंदरगाह पर संचालित 'फायर ट्रेल' अभियान के तहत की गई, जिसे वित्त मंत्रालय की निगरानी में चलाया जा रहा है।
डीआरआई अधिकारियों ने मुंद्रा बंदरगाह पर चीन से आए एक 40 फुट लंबे कंटेनर को संदिग्ध मानते हुए जांच की। कंटेनर में 'पानी का गिलास' और 'फूलदान' होने का दावा किया गया था, लेकिन निरीक्षण में अधिकारियों को पानी के गिलास के सेट के पीछे बड़ी मात्रा में छिपाए गए 30,000 आतिशबाजी उत्पाद मिले। पकड़े गए सभी पटाखे पूरी तरह अवैध थे और आयातक उनके लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि यह तस्करी केवल आर्थिक लाभ के उद्देश्य से की जा रही थी। अधिकारियों ने तुरंत सामग्री जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
डीआरआई ने बताया कि इससे पहले अक्टूबर महीने में भी मुंबई और तूतीकोरिन में चीनी पटाखों के अवैध आयात के कई प्रयास नाकाम किए गए थे। केवल अक्टूबर में डीआरआई की मुंबई जोन यूनिट (एमजेडयू) ने करीब 16 करोड़ रुपए मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए थे। लगातार बढ़ते मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए मजबूर किया है।
वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि विदेश व्यापार नीति के आईटीसी (एचएस) वर्गीकरण के तहत पटाखों का आयात ‘प्रतिबंधित’ श्रेणी में आता है। ऐसे उत्पादों के लिए डीजीएफटी और पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) से लाइसेंस अनिवार्य है। बिना अनुमति ऐसे खतरनाक उत्पादों का आयात राष्ट्रीय सुरक्षा, बंदरगाहों, जहाजों और व्यापार तंत्र के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है। डीआरआई का कहना है कि वे तस्करी की इस खतरनाक श्रृंखला के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई करते रहेंगे और देश की सुरक्षा एवं आर्थिक हितों की रक्षा करना उनका प्राथमिक कर्तव्य है।
अन्य प्रमुख खबरें
पेट्रोल, डीजल के साथ सीएनजी के दाम में भी इजाफा, पिछले 10 दिनों में 5 रुपये बढ़ा
भारत के UPI को साइप्रस में मिली एंट्री, एनपीसीआई और यूरोबैंक के बीच हुआ समझौता
SBI कर्मचारियों द्वारा हड़ताल, 5 दिन प्रभावित रहेंगे बैंक के काम
वैश्विक तनाव के बीच सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव, सीमित दायरे में हो रहा कारोबार
सिद्धार्थनगर में डीजल के लिए हाहाकार भीषण गर्मी में डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार
डीआरआई का तस्करों पर डिजिटल स्ट्राइक: 120 करोड़ की 3 लाख ई-सिगरेट जब्त, कई राज्यों में छापेमारी
विदेशी मुद्रा भंडार से बढ़ी RBI की ताकत, सरकार को मिल सकते हैं रिकॉर्ड 3.5 लाख करोड़ रुपए
भारत की चाय ने दुनिया में बजाया डंका, 12 वर्षों में निर्यात 93% बढ़ा, महिलाएं बन रहीं सशक्त
वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार में शानदार शुरुआत, सेंसेक्स 75,500 के पार, निवेशकों का बढ़ा भरोसा