नेपाल जू में र्ब्ड फ्लू का प्रकोप, 12 से ज्यादा पशु-पक्षी संक्रमित, चिड़ियाघर अनिश्चितकाल के लिए बंद

खबर सार :-
नेपाल सेंट्रल जू में एक दर्जन से अधिक पशु-पक्षियों में र्ब्ड फ्लू संक्रमण पाया गया है, जिसके बाद जू को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। जू के अधिकारियों ने जानकारी दी कि चिड़ियाघर को डिस्इंफेक्शन के लिए बंद किया गया है।
नेपाल जू में र्ब्ड फ्लू का प्रकोप, 12 से ज्यादा पशु-पक्षी संक्रमित, चिड़ियाघर अनिश्चितकाल के लिए बंद
खबर विस्तार : -

दिल्ली: काठमांडू घाटी में नेपाल के सेंट्रल जू में एक दर्जन से ज्यादा पक्षियों और जानवरों में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं। इस घटना के बाद, सेंट्रल जू को शुक्रवार से अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है।

इस जू में कई तरह के जंगली जानवर हैं, जो इसे एक खूबसूरत जगह और घाटी में आने वाले पर्यटकों और छात्रों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनाते हैं। शुक्रवार देर रात जारी एक नोटिस में, सेंट्रल जू के अधिकारियों ने कहा कि परिसर के अंदर जानवरों और पक्षियों में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) का पता चलने के बाद, जनता और आने वाले लोगों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस जगह को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। 

एक हफ्ते तक बंद रहेगा जू

सेंट्रल जू के संचालन की जिम्मेदारी 'नेशनल ट्रस्ट फॉर नेचर कंजर्वेशन' की है। सेंट्रल जू के सूचना अधिकारी गणेश कोइराला ने बताया कि बर्ड फ्लू का प्रकोप सामने आने के बाद जू को डिसइंफेक्शन (कीटाणु-मुक्त करने) के लिए बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि जू कम से कम एक हफ्ते तक बंद रहेगा और जोखिम के स्तर के आधार पर इस अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।" 

एक दर्जन से ज्यादा जानवरों में वायरस की पुष्टि

सूचना अधिकारी के अनुसार, एक दर्जन से ज्यादा जानवरों में वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें ज्यादातर पक्षी हैं, लेकिन कुछ स्तनधारी जानवर जैसे चित्तीदार जंगली बिल्लियां, पालतू बिल्लियां और सिवेट भी शामिल हैं। हालांकि, पोल्ट्री फ़ार्म में अपनाए जाने वाले उपायों के विपरीत, ज़ू अधिकारियों की पक्षियों को बड़े पैमाने पर मारने की कोई योजना नहीं है।

इंसानों में बर्ड फ्लू का फैलना दुर्लभ

हाल के दिनों में काठमांडू घाटी में बीमारी फैलने के कारण जू के जानवर संक्रमित हो गए; इस प्रकोप का पता सबसे पहले इस साल 18 मार्च को कोशी प्रांत के मोरंग ज़िले में चला था। हालांकि इंसानों से इंसानों में बर्ड फ्लू का फैलना दुर्लभ है, लेकिन ऐसे मामले सामने आए हैं जहां संक्रमित पक्षियों के संपर्क में रहने वाले लोगों को वायरस का संक्रमण हुआ है। 

10 जिलों में फैला बर्ड फ्लू

पशुधन सेवा विभाग के अनुसार, तब से 10 जिलों में कम से कम 55 पोल्ट्री फार्म प्रभावित हुए हैं, जिसके कारण अधिकारियों को कुल 4,79,156 पक्षियों और 6,94,193 अंडों को नष्ट करना पड़ा। इसके अलावा, 1,82,775 किलोग्राम पशु आहार भी नष्ट किया गया।

जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता

वन विभाग ने कहा, "कोशी क्षेत्र के मोरंग जिले में बीमारी नियंत्रण में दिख रही है। हालांकि, काठमांडू घाटी में प्रभावित फार्मों की बढ़ती संख्या यह संकेत देती है कि बीमारी फैल रही है, जिसके लिए मजबूत बायो-सिक्योरिटी, निगरानी और जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है।"

 

ये भी पढ़ेंः-Hunger Report 2026: दुनिया के 13 देशों पर भुखमरी का संकट गहराया, संयुक्त राष्ट्र ने दी खतरे की चेतावनी

अन्य प्रमुख खबरें