दिल्ली में ‘सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग’ का लोकार्पण, सर्जियो गोर बोले- भारत-अमेरिका संबंध होंगे मजबूत

खबर सार :-
नई दिल्ली में ‘सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग’ के उद्घाटन के मौके पर राजदूत सर्जियो गोर के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो मौजूद रहे। मार्को रूबियो ने कहा कि ट्रंप-मोदी का तालमेल भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बना रहा है।

दिल्ली में ‘सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग’ का लोकार्पण, सर्जियो गोर बोले- भारत-अमेरिका संबंध होंगे मजबूत
खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: भारत में नई 'सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग' के उद्घाटन के मौके पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह आधुनिक सुविधा न केवल अमेरिका और भारत दोनों देशों के नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगी, बल्कि दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और भी सुदृढ़ बनाएगी।

सर्जियो गोर ने कहा कि नई 'सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग' के उद्घाटन समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है। सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने लिखा: "मुझे हमारी नई 'सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग' के उद्घाटन समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ शामिल होने का सम्मान मिला। इस इमारत में नई दिल्ली स्थित हमारे प्रबंधन और कांसुलर विभाग होंगे। यह आधुनिक सुविधा अमेरिकी और भारतीय नागरिकों की अधिक प्रभावी ढंग से सेवा करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके अलावा, यह अमेरिका-भारत साझेदारी की स्थायी मज़बूती को भी पुष्ट करती है।"

पहली बार भारत दौरे पर आए मार्को रूबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे। नई दिल्ली पहुंचने पर रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग में हो रही लगातार प्रगति के बारे में जानकारी दी। रूबियो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जल्द ही व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया।

रूबियो बोले- PM मोदी-राष्ट्रपति ट्रंप के संबंध मजबूत

नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास की 'सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग' के उद्घाटन से पहले मार्को रूबियो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच का व्यक्तिगत तालमेल भारत-अमेरिका संबंधों को और भी मजबूत बना रहा है। रूबियो ने कहा, "दोनों नेताओं के बीच संबंध पहले कार्यकाल से ही मजबूत रहे हैं, जब राष्ट्रपति ट्रंप को भारत आने का अवसर मिला था। यह संबंध दूसरे कार्यकाल में भी जारी है और दोनों नेताओं के बीच गहरा जुड़ाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। दोनों ही गंभीर नेता हैं जो केवल अल्पकालिक दृष्टिकोण के बजाय, दीर्घकालिक सोच के साथ काम कर रहे हैं।" 

‘अमेरिका फर्स्ट’ वीजा शेड्यूलिंग टूल

उन्होंने आगे कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी कई ऐसे क्षेत्रों में भी गहरी हुई है जो अक्सर सुर्खियों में नहीं आते, फिर भी वे अत्यंत महत्वपूर्ण और स्थायी बने हुए हैं। रूबियो ने कहा, “व्यापारिक संबंध बढ़े हैं और भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में 20 अरब डाॅलर से ज्यादा का निवेश किया है। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सैन्य अभ्यासों के जरिए सुरक्षा साझेदारियां भी मजबूत हुई हैं। इसके अलावा, इस रिश्ते को और मजबूत करने के लिए एक व्यवस्थित और सुरक्षित कांसुलर ढांचा जरूरी है। इसी मकसद से हम एक ‘अमेरिका फर्स्ट’ वीजा शेड्यूलिंग टूल पेश कर रहे हैं, जो बिजनेस प्रोफेशनल्स को प्राथमिकता देगा।”

भारत-अमेरिका साझेदारी बेहद अहम 

रूबियो ने भारत-अमेरिका साझेदारी को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है। रूबियो ने कहा, “ठीक इसी वजह से मैंने यह यात्रा की है, ताकि उन संबंधों को फिर से पक्का किया जा सके और उन्हें एक नई दिशा दी जा सके। हमें उम्मीद है कि आने वाले महीनों में हम अपने दोनों देशों के बीच संबंधों के विकास और मजबूती को लेकर कई नई और अहम घोषणाएं करेंगे।”

 

यह भी पढ़ेंः-ताजमहल का दीदार करेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, सुरक्षा व्यवस्था सख्त, होटलों पर कड़ी निगरानी

अन्य प्रमुख खबरें