ट्रंप का दावा: ईरान की सैन्य क्षमता कमजोर, युद्ध जल्द होगा खत्म, ईरान की अर्थव्यवस्था तेजी से हो रही कमजोर

खबर सार :-

यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य क्षमता बेहद कमजोर पड़ गई है और युद्ध जल्द खत्म होगा। होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का नियंत्रण हो चुका है और ईरान के परमाणु ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।
यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप का दावा, युद्ध जल्द होगा समाप्त

खबर विस्तार : -

वॉशिंगटन: यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य क्षमता बेहद कमजोर हो गई है और उसके साथ चल रहा युद्ध जल्द समाप्त होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को गंभीर रूप से क्षति पहुंचायी है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध जल्द ही खत्म हो जाएगा। उनके परमाणु ठिकानों पर नजर रखी जा रही है और होर्मुज स्‍ट्रेट पर अमेरिका का नियंत्रण है। जीबी न्‍यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, हम पहले ही जीत चुके हैं क्योंकि अब वे परमाणु हथियार नहीं बना सकते। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में इसलिए शामिल हुआ क्योंकि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देना चाहता।

हमला किए जाने से पहले ईरान परमाणु हथियार बनाने के बेहद करीब था

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका की ओर से तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किए जाने से पहले ईरान परमाणु हथियार बनाने से केवल दो से चार सप्ताह दूर था। उन्होंने कहा कि वे ठिकाने पूरी तरह नष्ट कर दिए गए हैं। राष्ट्रपति ने बताया कि अमेरिका अपनी अंतरिक्ष निगरानी क्षमता का इस्तेमाल करके उन परमाणु स्थलों और 'पिकएक्स माउंटेन' नामक एक अन्य स्थान पर नजर रख रहा है। उन्होंने कहा क‍ि हमें पता है कि वहां कौन अंदर जा रहा है और कौन बाहर आ रहा है। अंतरिक्ष से आप किसी व्यक्ति के नाम वाले बैज तक पढ़ सकते हैं। ट्रंप का कहना है कि इन तीन परमाणु स्थलों पर मौजूद सामग्री अब पहाड़ों के लाखों टन मलबे के नीचे दब चुकी है, जिससे उसे निकालना बेहद कठिन होगा।

अमेरिका ने ईरान की नौसेना और वायुसेना को परास्त कर दिया है

उन्होंने यूरोपीय देशों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार होता, तो उसका खतरा अमेरिका की तुलना में यूरोप के लिए ज्यादा होता। ब्रिटिश पत्रकार बेव टर्नर से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मैं आपके देश को भी इस खतरे से बचा रहा हूं, क्योंकि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होता, तो उसके यूरोप के खिलाफ इस्तेमाल होने की संभावना अमेरिका से ज्यादा होती। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की नौसेना और वायुसेना को परास्त कर दिया है तथा हाल ही में उसके रडार सिस्टमों को भी निशाना बनाया है। उन्होंने कहा, हम होर्मुज स्‍ट्रेट को नियंत्रित करते हैं। वहां हमारा मजबूत नियंत्रण है। हम हर रात 30 से 40 नौकाओं को निष्क्रिय कर रहे हैं और वहां से काफी मात्रा में तेल बाहर आ रहा है।

तेजी से कमजोर हो रही है ईरान की अर्थव्यवस्था 

ट्रंप ने कहा कि ईरान की अर्थव्यवस्था तेजी से कमजोर हो रही है और वहां महंगाई 300 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। हालांकि, इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई प्रमाण नहीं दिया। राष्ट्रपति ने युद्ध का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अमेरिकी मतदाताओं को इसका उद्देश्य समझाना जरूरी है। उन्होंने कहा क‍ि मैंने सही काम किया है। अमेरिकी लोग पहले वेनेजुएला में मेरे कदम का भी विरोध कर रहे थे, लेकिन जब हम सफल हुए तो सभी ने कहा कि यह अच्छा फैसला था। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को जो नुकसान पहुंचा है, उसका असर कई दशकों तक रहेगा।

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया: सिडनी में बर्ड फ्लू के खतरनाक एच5एन1 स्ट्रेन का मिला पहला मामला, विनाशकारी असर के लिए किया अलर्ट

अन्य प्रमुख खबरें