आम की महक, संगीत की सरगम और ठहाकों की गूंज से सजा रामपुर का सप्रेम आम महोत्सव

खबर सार :-

संस्कृति प्रेरणा मंच द्वारा रामपुर में आम का महोत्सव मनाया गया। इस दौरान की सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आम की महक, संगीत की सरगम और ठहाकों की गूंज से सजा रामपुर का सप्रेम आम महोत्सव

खबर विस्तार : -

रामपुर: गर्मी के मौसम को यादगार बनाने के उद्देश्य से संस्कृति प्रेरणा मंच (सप्रेम) द्वारा आयोजित "आम महोत्सव एवं संगीत व हास्य संध्या" रविवार शाम रंगोली मण्डप, गांधी समाधि के निकट, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आम की मिठास, जामुन का स्वाद, मधुर संगीत और हास्य से भरपूर इस आयोजन में शहर के लोगों ने सपरिवार पहुंचकर गर्मी के इस खास उत्सव का भरपूर आनंद लिया।

महोत्सव में देखने को मिला सांस्कृतिक रंग

शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में सबसे अधिक आकर्षण विभिन्न किस्मों के आम रहे। लंगड़ा, दशहरी, चौसा और देसी आम समेत कई प्रजातियों के आम लोगों के लिए परोसे गए। इसके साथ ही रसीले जामुन, आमरस, लस्सी और घर के स्वाद वाले पारंपरिक व्यंजनों ने भी लोगों का दिल जीत लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोग स्वादिष्ट फलों और व्यंजनों का आनंद लेते दिखाई दिए।

महोत्सव केवल स्वाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सांस्कृतिक रंग भी पूरे आयोजन में देखने को मिला। संगीत संध्या में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को सुरमय बना दिया। इसके बाद मंच पर पहुंचे प्रसिद्ध हास्य कलाकार सूरज मैनी ने अपने चुटीले अंदाज, व्यंग्य और हास्य प्रस्तुति से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल ठहाकों और तालियों की गूंज से भर उठा।

आयोजक संस्था सप्रेम (संस्कृति प्रेरणा मंच) के पदाधिकारियों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल लोगों को आम का स्वाद चखाना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मेल-मिलाप और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि आम भारतीय परंपरा और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवारों की मौजूदगी ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। रंगोली मण्डप परिसर आम की खुशबू, संगीत की मधुर धुनों और लोगों की खुशियों से सराबोर नजर आया। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में उत्साह और अपनापन साफ दिखाई दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सप्रेम के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के स्नेह और सहयोग से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले वर्ष आम महोत्सव को और भी भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बन सकें।

इस अवसर पर सुभाष नंदा, धनंजय पाठक, महेश जुनेजा, राजीव सिंघल, जुगेश अरोड़ा 'कुक्कू', वीरेंद्र गर्ग, मनोज गर्ग, राजीव मांगलिक, संजय पाठक, सुनील कुमार गोयल, आर.के. जैन, प्रदीप गुप्ता, अमित मलिक, सुमित अग्रवाल, रवि अग्रवाल, गिरिराज अग्रवाल, ललित अग्रवाल, अनिल वशिष्ठ, सतेंद्र भटनागर, गोविंद पांडे, सोनू जिंदल, सुनील सिंह, शिशिर अग्रवाल, नवनीत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः-रामपुर में वीर खालसा सेवा समिति ने आयोजित किया डॉक्टर सम्मान समारोह
 

अन्य प्रमुख खबरें