तमिलनाडु के कुड्डालोर में बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ा, 40 हजार मुर्गियों को मारा गया; ब्राॅयलर फार्मिंग पर रोक

खबर सार :-

तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए लगभग 40 हजार मुर्गियों को मार दिया गया है। इससे पहले वंडालूर चिड़ियाघर में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी।
तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बर्ड फ्लू का खतरा, बढ़ाई गई निगरानी

खबर विस्तार : -

चेन्नई: तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में एक पोल्ट्री फार्म में H5N1 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। लगभग 40,000 मुर्गियों को मार दिया गया है और प्रभावित इलाके में ब्रॉयलर पालन (मुर्गी पालन) को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

स्वास्थ्य सेवा निदेशक, डॉ. सोमसुंदरम ने राज्यभर के अधिकारियों को निगरानी और बचाव के उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में अब तक इंसानों में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है और लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें।

मुर्गियों की मौत के बाद रोकथाम शुरू

कुड्डालोर जिले के कुरिंजीपाडी के पास एक फार्म में मुर्गियों की मौत के बाद ये रोकथाम के उपाय शुरू किए गए। भोपाल (मध्य प्रदेश) की एक राष्ट्रीय प्रयोगशाला में भेजे गए नमूनों में H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि हुई। इसके बाद, संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कुरिंजीपाडी इलाके में लगभग 40,000 मुर्गियों को मार दिया गया। साथ ही, प्रभावित क्षेत्र में तीन महीने के लिए ब्रॉयलर मुर्गियों के पालन पर रोक लगा दी गई है।

मरे पक्षियों को न छूने की हिदायत

एहतियात के तौर पर, अधिकारियों ने तमिलनाडु के पोल्ट्री क्षेत्र में अंडे के उत्पादन के प्रमुख केंद्र, नमक्कल में भी निगरानी बढ़ा दी है। डॉ. सोमसुंदरम ने लोगों को सलाह दी है कि वे मरे हुए पक्षियों को न छुएं। उन्होंने कहा कि अगर किसी में भी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले में कोई भी लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। हालांकि बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन कभी-कभी यह इंसानों में भी फैल सकता है। ऐसा तब हो सकता है जब कोई व्यक्ति संक्रमित पक्षियों, उनके स्राव, बीट या दूषित वातावरण के सीधे संपर्क में आता है। इसलिए, जो लोग बीमार या मरी हुई मुर्गियों के संपर्क में आते हैं, उन्हें अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। 

यह भी पढ़ेंः- कर्नाटक में नए साल से ओला-उबर और ऑटो में डिजिटल मीटर अनिवार्य, नियम तोड़ने पर वाहन होंगे जब्त

ये लक्षण दिखें तो तुरंत डाॅक्टर से मिलें

डॉक्टरों की सलाह है कि अगर किसी को बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, खांसी या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं—खासकर तब, जब वे हाल ही में पक्षियों या मुर्गियों के संपर्क में आए हों। खाद्य सुरक्षा के संबंध में, सोमसुंदरम ने कहा, "लोगों को केवल अच्छी तरह पका हुआ चिकन ही खाना चाहिए और अधपके मांस से बचना चाहिए। ठीक से पकाने से एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस खत्म हो जाता है, जबकि भोजन तैयार करते समय सावधानी बरतने से संक्रमण को फैलने से रोकने में मदद मिलती है।"

पिछले महीने चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू का प्रकोप

गौरतलब है कि पिछले महीने चेन्नई के बाहरी इलाके वंडलूर स्थित अरिग्नार अन्ना जूलॉजिकल पार्क (वंडलूर चिड़ियाघर) में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। यहां जलीय पक्षियों में H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस पाया गया। लगभग 1,260 एकड़ में फैला वंडलूर चिड़ियाघर चेन्नई के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां हर साल लाखों लोग आते हैं। इसके विशाल परिसर में 150 से अधिक प्रजातियों के हजारों जानवर और पक्षी रहते हैं। जारी की गई जानकारी में यह नहीं बताया गया है कि कितने जलीय पक्षी संक्रमित पाए गए, और न ही यह बताया गया है कि क्या किसी पक्षी की मौत हुई है। इसके अलावा, यह भी स्पष्ट नहीं है कि संक्रमण किन परिस्थितियों में सामने आया, या प्रयोगशाला में पुष्टि होने से पहले सैंपलिंग की प्रक्रिया किस तरह की थी।

FAQ

1- बर्ड फ्लू क्या है?

बर्ड फ्लू एक अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो इन्फ्लूएंजा 'A' (जैसे H5N1 स्ट्रेन) वायरस के कारण होती है। यह बीमारी मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करती है।

2- बर्ड फ्लू कैसे फैलता है?

यह वायरस संक्रमित पक्षियों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। यह वायरस चारे, दूषित पानी या पिंजरे जैसे माध्यमों से एक पक्षी से दूसरे पक्षी में पहुंचता है।

3- बर्ड फ्लू क्या इंसानों में भी फैल सकता है?

यह वायरस बहुत दुर्लभ मामलों में इंसानों तक फैलता है। कच्चा या अधपका मांस और कच्चे अंडे का सेवन करने से इस बीमारी के फैलने की आशंका बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ेंः- UP में बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग के नियमों का पालन जरूरी, FSDA ने जारी किए निर्देश

अन्य प्रमुख खबरें