ग्राउंड फ्लोर के वाहनों में स्पार्किंग से आग, सीढ़ियों से ऊपर पहुंची, दो की मौत

खबर सार :-

एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग है। इसमें खड़े वाहनों में अचानक स्पार्किंग से आग लग गई। यह आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इसकी चपेट में आए एक किशोर और एक महिला की मौत हो गई।
कानपुर: पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और किशोर की मौत

खबर विस्तार : -

कानपुर, उत्तर प्रदेश में कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत पटकापुर में एक इमारत में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। यह आग पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार लगी थी। आग इतनी भयावह रही कि इसकी जानकारी पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इन वाहनों के जरिए आग बुझाते हुए अपार्टमेंट में फंसे आठ लोगों को फायर कर्मियों ने किसी तरह से बाहर निकाला। कई लोग आग में घिर चुके थे।

इनमें चार लोग झुलस गए। इन सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इलाज के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। अस्पताल में हंगामा होने पर मुश्किल से लोगों को शांत कराया गया। जहां पर दो अन्य घायलों का उपचार जारी है। जिस इमारत में आग लगी है, वह बेहद संकरी गली में है। 

यह भी पढ़ें : आगरा से अखिलेश ने भाजपा सरकार पर बोला हमला, कहा- दलित समाज करने जा रहा इनका सफाया

आग में घिरे लोगों की चीखपुकार से सहमे रहे लोग

अपार्टमेंट में अचानक निकला धुआं और आग देखते ही देखते इमारत में फैलने लगा। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें और धुआं ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई। यह देख कर इमारत में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बचाने की काफी कोशिश की। घटना की सूचना पर लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन को भी दी। उसके बाद ही टीमें मौके पर पहुंची थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।

बताया जा रहा है कि दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे आठ लोगों को बाहर निकाला। इनमें चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता करेंगे। ऐसी अनधिकृत और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने के लिए अपना सुझाव देंगे। यदि वह तैयार होते हैं तो संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। गलत तरीके से बनी इमारत सील करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वाहनों की स्पार्किंग से पहुंची आग

आग लगने के कारणों की अभी तक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल जांच के दौरान सामने आया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में वाहन खड़े थे। बताया जा रहा है कि इन वाहनों में स्पार्किंग से आग लगी और धीरे-धीरे यह आग सीढ़ियों के सहारे ऊपर पहुंची। इमारत में आग को जल्दी नहीं बुझाया जा सका। इसका कारण है कि करीब चार मीटर चौड़ी सड़क के किनार यह पांच से छह मंजिला इमारत है। तमाम मुसीबतों में बचाव दल भी वहां तक नहीं पहुंच पाते हैं। इस बार भी यही हाल रहा है। जिला अस्पताल उर्सला के डॉक्टर शुभम जैन ने बताया कि अग्निकांड में चार घायलों को अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। 

बचने बचाने के चक्कर में हड्डी टूटी 

इमारत में आग के दौरान एक दूसरे की मदद करने और खुद को बचाने में भी लोग चोटिल हुए है। इसमें वैभव गुप्ता नाम के व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। किशोर की मां नीता करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई। इन दोनों लोगों को भर्ती कराया गया है। इस हादसे पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना का जो भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ें : Jaipur में दीवाली पर अतिरिक्त सफाईकर्मी नहीं देने पर कांग्रेस पार्षद खफा

अन्य प्रमुख खबरें