पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में भिड़ी, कई जख्मी

खबर सार :-

Rahul Gandhi Convoy Accident: यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई। यह घटना हलियापुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में 89.5 किलोमीटर के निशान के पास हुई।
सुल्तानपुरः राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं

खबर विस्तार : -

Rahul Gandhi Convoy Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। हालांकि, राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह हादसा हलियापुर पुलिस थाना क्षेत्र में तब हुआ जब राहुल गांधी कोर्ट में पेशी के लिए सुल्तानपुर जा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा

बता दें कि यह हादसा हलियापुर इलाके में 91वें किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुआ। दरअसल  तेज रफ्तार में चल रहे काफिले में अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे चल रही पांच गाड़ियां आपस टकरा गईं। इस टक्कर से वाहनों को नुकसान पहुंचा है। शुरुआती खबरों के मुताबिक एक-दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। फिलहाल राहुल गांधी पूरी तरह से सुरक्षित हैं और सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही, स्थानीय हलियापुर पुलिस और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और कुछ देर के लिए बाधित हुए यातायात को फिर से सुचारू कर दिया। अच्छी बात यह है कि अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। 

ये भी पढ़ेंः- PM मोदी के पिता को लेकर खड़गे ने की अभद्र टिप्पणी, मचा घमासान, BJP ने किया देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान

कोर्ट में पेश होने सुल्तानपुर जा रहे थे राहुल गांधी

दरअसल राहुल गांधी सोमवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। उन्हें सुल्तानपुर की एक विशेष MP-MLA कोर्ट में पेश होना है। यह मामला मानहानि की एक शिकायत से जुड़ा है, जिसमें उन पर तत्कालीन BJP अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। ये कथित टिप्पणियां 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों से पहले बेंगलुरु में एक चुनावी रैली के दौरान की गई थीं। BJP नेता और सुल्तानपुर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा ने अमित शाह के बारे में की गई कथित टिप्पणियों को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। तब से, इस मामले की सुनवाई सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA अदालत में चल रही है।

मानहानि केस में आज होगी सुनवाई

अदालत सोमवार को इस मामले में अपना फैसला सुनाने वाली है। शिकायतकर्ता के वकील संतोष कुमार पांडे ने बताया कि फैसला सुनाए जाने के समय राहुल गांधी का अदालत में व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहना जरूरी है। इससे पहले, अतिरिक्त सिविल जज शुभम वर्मा ने फैसला सुनाने के लिए 13 अक्टूबर की तारीख तय की थी। 

कोर्ट के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, राहुल गांधी को अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक लखनऊ से सड़क मार्ग से सुल्तानपुर पहुंचना था और सुबह 10:00 बजे तक वहां पहुंचना था। पुलिस ने अदालत परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अदालत की कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ेंः- नमो घाट पर PM मोदी ने देखा वायुसेना का पराक्रम, तेजस-राफेल ने आसमान में दिखाए हैरतअंगेज करतब

अन्य प्रमुख खबरें