भीलवाड़ा: राजस्थान का वस्त्र नगरी भीलवाड़ा इन दिनों अध्यात्म और सामाजिक समरसता के एक अभूतपूर्व दौर से गुजर रहा है। नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में आयोजित 'भागवत समरसता महोत्सव' के छठे दिन जो दृश्य उभरा, उसने आधुनिक समाज के सामने एकता की एक नई परिभाषा लिख दी। यहाँ न कोई बड़ा था, न छोटा-हजारों श्रद्धालुओं ने जाति और वर्ग के भेदों को भुलाकर 'एक जाजम, एक पंगत' की परंपरा को जीवंत कर दिया।
इस महोत्सव का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण 'समरसता महाभोज' रहा। इस आयोजन की विशेषता यह थी कि यह किसी एक रसोई में नहीं बना था, बल्कि शहर की हजारों माताएं-बहनें अपने घरों से लापसी और पूरी के टिफिन बनाकर लाई थीं। जब इन हजारों टिफिनों का प्रसाद एक साथ मिलाया गया, तो वह एक विशाल 'समरसता महाप्रसाद' बन गया। मंत्री सुरेश रावत से लेकर समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक, सभी ने जमीन पर बैठकर एक साथ भोजन किया। गोवत्स राधाकृष्ण जी महाराज ने स्वयं आमजन के बीच बैठकर प्रसाद ग्रहण कर सादगी का संदेश दिया।
कथा व्यास जोधपुर के विख्यात संत श्री राधाकृष्ण जी महाराज ने कृष्ण-रुक्मणी विवाह और गोवर्धन लीला के प्रसंगों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्वत उठाना श्रीकृष्ण के लिए पलक झपकने जैसा था, लेकिन उन्होंने ग्वालों की लाठियों का सहारा लेकर यह सिखाया कि जब समाज संगठित होता है, तो बड़ी से बड़ी आपदा को भी टाला जा सकता है। महाराज श्री ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए भारतीय परिवार व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा "जब दुनिया अकेलेपन से अवसाद में थी, तब भारत के मजबूत पारिवारिक ढांचे और आरएसएस (RSS) जैसे संगठनों की सेवा भावना ने समाज को टूटने से बचाया।"
संत श्री ने केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक राष्ट्रवाद पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि आज के समय में बिजली बचाना और ईंधन की बचत करना भी राष्ट्र सेवा का ही एक रूप है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संत और संगठन (संघ) दोनों का लक्ष्य एक ही है-एक जागृत और संगठित समाज का निर्माण।
माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान और मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजे 'सुदामा चरित्र' की कथा के साथ इस भव्य महोत्सव का समापन होगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रामधाम से कार्यक्रम स्थल तक निःशुल्क बस सेवा संचालित की जा रही है। इस अवसर पर महामंडलेश्वर हंसराम उदासीन, महंत लक्ष्मण दास त्यागी सहित कई विधायक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक समरसता अभियान की सराहना की।
अन्य प्रमुख खबरें
मंदिरों में चोरों का आतंक! वट सावित्री की पूजा कर रहीं महिलाओं के मंगलसूत्र और मोबाइल चोरी
जमशेदपुर में दिखेंगी राजस्थानी लोक कलाएं, तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन कल
Gorakhpur News: सीएम योगी ने गोरखपुर को दी बड़ी सौगात, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का किया शिलान्यास
Noida sector 63 fire: नोएडा में गारमेट्स कंपनी में भीषण आग, चपेट में आई तीन इमारतें
देहरादून: वेतन और ओवर टाइम को लेकर मजदूरों का बड़ा बवाल
शनिश्चरी अमावस्या पर हर की पौड़ी पर उमड़ा जनसैलाब, लाखों भक्तों ने लगाई डुबकी
असम में आफत बनी बारिश! कछार व करीमगंज में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात, SDRF ने 53 लोगों को बचाया
West Bengal: ED दफ्तर पहुंचे पूर्व मंत्री रथिन घोष, नगरपालिका भर्ती घोटाले के मामले में पूछताछ जारी