दवाओं की खरीद-बिक्री दर छिपाने पर नपेंगी हॉस्पिटल फार्मेसियां, 7 दिन में ब्योरा न देने पर बिक्री होगी बंद

खबर सार :-

उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने 64 जिलों की 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया है। वेबसाइट न बनाने और दवाओं की खरीद-बिक्री दर सार्वजनिक न करने वाली फार्मेसियों को सात दिन का नोटिस दिया गया है।
यूपी में हॉस्पिटल फार्मेसियों पर एफएसडीए की सख्ती, 7 दिन का अल्टीमेटम

खबर विस्तार : -

लखनऊ: अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दवाओं की वास्तविक कीमतों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। इस विशेष अभियान के तहत राज्य के 64 जनपदों में स्थित 381 Hospital Pharmacies की जांच की गई, जिसमें अधिकांश संस्थानों में आयुक्त के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश का उल्लंघन पाया गया। निरीक्षण के दौरान न तो इन केंद्रों की वेबसाइट तैयार मिली और न ही काउंटर पर उसका यूआरएल प्रदर्शित किया गया था। नियमों की अनदेखी पर औषधि निरीक्षकों ने संबंधित संचालकों को सात दिन का नोटिस थमाते हुए लाइसेंस निरस्त करने और बिक्री रोकने की चेतावनी दी है।

नोटिस में बिक्री पर रोक लगाने की सख्त चेतावनी

जांच के दौरान खामियां मिलने पर औषधि निरीक्षकों ने मौके पर ही नोटिस जारी कर निर्धारित प्रारूप में दस्तावेज तलब किए हैं। संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर दवाओं की खरीद और बिक्री मूल्य का पूरा विवरण विभाग को सौंपें। ऐसा न करने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के अंतर्गत संबंधित परिसर में दवाओं की बिक्री तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दी जाएगी। यह रोक तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक संबंधित संस्थान सभी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित नहीं कर लेता।

4 दिसंबर तक जारी रहेगा विशेष जांच अभियान

एफएसडीए आयुक्त ने सभी सहायक आयुक्तों (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने जिलों की सभी अस्पताल फार्मेसियों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है। यह अभियान आगामी 4 दिसंबर 2026 तक चलेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पूरी कवायद का उद्देश्य दवाओं की कीमत तय करना या मुनाफे पर कोई सीमा लगाना नहीं है। यह व्यवस्था पूरी तरह स्व-प्रकटीकरण (सेल्फ-डिस्क्लोजर) पर आधारित है, जिससे अस्पताल में भर्ती वे मरीज और उनके परिजन सोच-समझकर निर्णय ले सकें, जिनके पास बाहर से दवा खरीदने का विकल्प सीमित होता है।

वेबसाइट और क्यूआर कोड के जरिए देनी होगी जानकारी

विभाग ने 1 अक्टूबर को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का हवाला देते हुए प्रत्येक रिटेलर और डीलर के लिए मूल्य सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य किया था। इस नियम के तहत अस्पताल परिसर के भीतर या इन-पेशेंट मरीजों के लिए संचालित प्रत्येक फार्मेसी को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट बनानी है। इस पोर्टल पर संस्थान का नाम, लाइसेंस संख्या, संचालक का नाम, परिसर का पता, नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण नियमित रूप से अपडेट करना आवश्यक है। मरीजों की सुविधा के लिए वेबसाइट का यूआरएल काउंटर पर प्रमुखता से लगाने के साथ ही इसे क्यूआर कोड या मोबाइल ऐप के जरिए भी उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इस व्यवस्था में दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) दोनों दरों का उल्लेख करना होगा।

एमआरपी और खरीद मूल्य के भारी अंतर पर विभाग की नजर

विभागीय स्तर पर की गई पिछली प्रवर्तन कार्रवाइयों में यह तथ्य सामने आया था कि निर्माता और स्टॉकिस्ट कई दवाएं अस्पताल फार्मेसियों को अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से काफी कम दर पर उपलब्ध कराते हैं। कई मामलों में दवाओं की एमआरपी उनके वास्तविक खरीद मूल्य से कई गुना अधिक पाई गई, लेकिन इस छूट का लाभ मरीजों को मिलने की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अधिकारियों का मानना है कि एक ही दवा के मूल्य विवरण में इस तरह का असामान्य अंतर न केवल मरीजों पर आर्थिक बोझ डालता है, बल्कि संदिग्ध या नकली दवाओं की आशंका को भी जन्म देता है। कीमतों के सार्वजनिक होने से ऐसी विसंगतियों को समय रहते पकड़ा जा सकेगा। अस्पताल परिसरों में संचालित फार्मेसियों में दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता लाने के लिए एफएसडीए आयुक्त ने 1 अक्टूबर 2026 को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों में सभी संबंधित फार्मेसियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से दवाओं का स्टॉक और खरीद-बिक्री मूल्य सार्वजनिक करने का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी आदेश लागू न होने पर विभाग ने अब प्रदेश स्तर पर प्रवर्तन अभियान शुरू किया है।

ये भी पढ़ेंः - बच्चों की सेहत बिगाड़ सकती हैं खानपान से जुड़ी ये गलतियां, माता-पिता आज ही बदलें ये आदतें

अन्य प्रमुख खबरें