Drishyam 3 ने एडवांस बुकिंग में की बंपर कमाई, रिलीज से पहले अजय देवगन ने इस सुपरस्टार से की खास अपील

खबर सार :-

Drishyam 3: 'दृश्यम 3' को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का एडवांस बुकिंग में ही बंपर कमाई कर ली है। वहीं अजय देवगन ने फिल्म रिलीज होने से पहले एक सुपरस्टार से संपर्क किया और उनकी मंजूरी चाही। उन्होंने खुद उस स्टार को फोन भी किया।
Drishyam 3 ने एडवांस बुकिंग में की बंपर कमाई, अजय देवगन ने मोहनलाल से की खास अपील

खबर विस्तार : -

Drishyam 3 Advance Booking: 'दृश्यम' फ्रैंचाइज की तीसरी और अंतिम किस्त को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विजय सलगांवकर के तौर पर अजय देवगन (Ajay Devgn) एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। सस्पेंस थ्रिलर फिल्म दृश्यम 3:द कनक्लूजन (Drishyam 3) कल, 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का एडवांस बुकिंग में ही जबरदस्त कमाई की है। मेकर्स पहले ही साफ कर चुके हैं कि कहानी पिछली दो फिल्मों से आगे बढ़ेगी और इसमें ऐसी चीजें होंगी जिनकी दर्शकों ने शायद कभी कल्पना भी नहीं की होगी। लेकिन रिलीज से पहले अभिनेता अजय देवगन ने  66 साल के सुपरस्टार से खास अपील की है। उनके इस कदम से फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह और बढ़ गया है।

अजय देवगन ने किस सुपरस्टार से की खास अपील

दरअसल अजय देवगन ने जिस सुपरस्टार से फिल्म देखने की खास अपील की है, वह कोई और नहीं, बल्कि मशहूर मलयालम एक्टर मोहनलाल हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में अजय ने बताया कि उन्होंने खुद मोहनलाल को फोन किया था। अजय चाहते थे कि मोहनलाल उनकी फिल्म 'दृश्यम 3' देखें, और इसके पीछे एक खास वजह है। अजय ने बताया कि उन्होंने मोहनलाल को फोन करके फिल्म देखने का आग्रह किया, क्योंकि वह इस पर उस एक्टर की मंजूरी चाहते थे।

अजय ने बताया कि 'दृश्यम 3' के हिंदी वर्शन की कहानी को काफी अलग तरह से आगे बढ़ाया गया है। इसलिए, वह चाहते थे कि ओरिजिनल 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी के मुख्य एक्टर मोहनलाल यह फिल्म देखें। अजय के लिए उनकी राय और मंजूरी बहुत मायने रखती है।हालांकि, मोहनलाल अभी तक फिल्म नहीं देख पाए हैं क्योंकि वह छुट्टियों पर हैं। अजय ने उम्मीद जताई कि वह जल्द ही इसे देखेंगे।

'दृश्यम' फ्रैंचाइज की हो सकती है अंतिम किस्त

अजय ने फिल्म सीरीज को खत्म करने के फैसले पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 'दृश्यम' जैसी कहानी को आगे बढ़ाना आसान नहीं है और वह फ्रैंचाइजी को एक मजबूत मोड़ पर खत्म करना चाहते थे। एक्टर के अनुसार, उन्होंने हाल ही में फिल्म देखी और उन्हें व्यक्तिगत रूप से यह 'दृश्यम 2' से भी बेहतर लगी। अजय ने बताया कि पटकथा (स्क्रीनप्ले) तैयार करना काफी चुनौतीपूर्ण था; उनका मानना था कि कहानी वहीं से शुरू होनी चाहिए जहां पिछली फिल्म खत्म हुई थी, न कि कोई नई मर्डर मिस्ट्री बनाकर इसे जबरदस्ती आगे बढ़ाया जाए।

ये भी पढ़ेंः- कोमल रानी संग अफेयर की खबरों पर गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- 'मेरी निजी जिंदगी को न बनाएं तमाशा'

अजय ने बताया कि कहानी को अंतिम रूप देने से पहले लेखक और निर्देशक की टीम ने लगभग चार अलग-अलग पटकथाओं पर काम किया। उनका मकसद सिर्फ पिछली फिल्म की सफलता के सहारे एक और सीक्वल बनाना नहीं था, बल्कि एक ऐसी कहानी गढ़ना था जो 'दृश्यम' की दुनिया में स्वाभाविक रूप से आगे बढ़े। कहानी और पटकथा पर कई दौर के काम के बाद, उन्होंने एक ऐसी स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दिया जिसमें जरूरी ट्विस्ट, टर्न और चौंकाने वाले पल शामिल थे। अब यह फिल्म 2 अक्टूबर को दर्शकों के सामने पेश की जाएगी।

रिलीज से पहले Drishyam 3 ने की बंपर कमाई

बता दें कि दृश्यम 3 साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है। इस फिल्म का एडवांस बुकिंग कलेक्शन में जबरदस्त रिस्पांस है। अजय देवगन स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन ही प्री-सेलिंग बिजनेस में कमाल कर दिया था। अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3' ने ओपनिंग डे के लिए प्री-बुकिंग से 13 करोड़ रुपये की कमाई की है। सिर्फ तीन दिनों में, पहले चार दिनों की बुकिंग का आंकड़ा 25 करोड़ के पार पहुंच गया है। Sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक, सस्पेंस थ्रिलर 'दृश्यम 3' ने 2 अक्टूबर को होने वाले शो से 13.54 करोड़ की कमाई की है।

यह फिल्म 378 शहरों के 1,286 सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और अब तक इसके 8,988 शो तय हो चुके हैं। सिर्फ पहले दिन के लिए लगभग 3,58,000 टिकट बिके हैं। 2 अक्टूबर से वीकेंड तक की एडवांस बुकिंग से 25.5 करोड़ की कमाई हुई है। ब्लॉक की गई सीटों को छोड़कर भी, फिल्म ने इन तीन दिनों में 18 करोड़ का बिजनेस किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि पहले दिन यह मूवी 40 से 50 करोड़ के बीच में ओपनिंग करेगी।

दो अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म दृश्यम 3

अजय देवगन और तब्बू स्टारर दृश्यम 3 की रिलीज डेट की बात करें तो, इस बहुप्रतीक्षित फ़िल्म को 2 अक्टूबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। अभिनेता जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की पहली बार नए किरदारों के तौर पर दृश्यम फ्रेंचाइजी में एंट्री हुई है।

ये भी पढ़ेंः- उर्वशी रौतेला की टीम ने AI कंपनी पर ठोका 7,000 करोड़ रुपये का जुर्माना ! तस्वीरों के गलत इस्तेमाल पर भड़की एक्ट्रेस

अन्य प्रमुख खबरें