IND vs AFG: तीसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी की होगी एंट्री ! कप्तान श्रेयस ने दिया बड़ा हिंट

खबर सार :-

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे T20 मैच के लिए प्लेइंग XI में वैभव सूर्यवंशी को शामिल किए जाने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम में बदलाव के संकेत दिए हैं।
India vs Afghanistan: तीसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी की होगी एंट्री !

खबर विस्तार : -

India vs Afghanistan 3rd T20: भारत बनाम अफगानिस्तान के बीच T20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज 2-0 से अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम अफगानिस्तान का 'सूपड़ा साफ' करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जबकि अफगानिस्तान की कोशिश सीरीज का अंत जीत के साथ करने की होगी।

तीसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका

भारतीय टीम तीसरे T20 इंटरनेशनल में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है। दूसरे टी20 में जीत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस बात का संकेत दिया। ऐसे में, 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग XI में मौका मिल सकता है, और वे संजू सैमसन की जगह ले सकते हैं। वैभव ने इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया था और 151 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब जीता था, इसके बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ पहले दोनों टी20 मुकाबलों में उन्हें बाहर बैठना पड़ा।

वैभव ने अब तक टीम इंडिया के लिए छह टी20 मैचों में 189.21 के स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। अब सबकी नजरें 17 सितंबर को होने वाले मैच पर टिकी हैं; अगर टीम मैनेजमेंट बदलाव करने का फैसला करता है, तो वैभव को घरेलू मैदान पर अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका मिल सकता है।  इसके अलावा, टीम मैनेजमेंट तेज गेंदबाज यश ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर को भी मौका दे सकता है। 

शानदार फॉर्म में हैं भारतीय बल्लेबाज

भारतीय टीम ने अब तक खेले गए दोनों टी20 मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा बेहतरीन फॉर्म में दिखे हैं। वहीं, संजू सैमसन ने दूसरे टी20 में सिर्फ 22 गेंदों पर 57 रनों की तूफानी पारी खेली। ईशान किशन भी नंबर तीन पर अच्छी लय में दिखे हैं। दूसरे T20 में ईशान ने 23 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी असरदार साबित हुई है। नितिश कुमार रेड्डी ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए। स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई और अक्षर पटेल बीच के ओवरों में रनों की गति को रोकने में सफल रहे।

ये भी पढ़ेंः- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीकी टीम का ऐलान, डेविड मिलर-क्विंटन डी कॉक की हुई वापसी

अफगानिस्तान का टॉप और मिडिल ऑर्डर फेल

दूसरी ओर, इस सीरीज में अफगानिस्तान के लिए अब तक कुछ भी सही नहीं रहा है। टीम के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं। दूसरे टी20 में भी अफगानिस्तान के टॉप और मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज आसानी से बिखर गए। सिर्फ कप्तान इब्राहिम जदरान कुछ हद तक लय में दिखे और 37 रन बनाए। राशिद खान ने गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए, लेकिन उन्हें दूसरे गेंदबाजों से जरूरी साथ नहीं मिला।

पिच रिपोर्ट

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार लग रही है; दूसरे T20 मैच में, भारतीय टीम ने 160 रन का लक्ष्य 31 गेंदें बाकी रहते हुए आसानी से हासिल कर लिया। हालांकि, पिच से स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिली है। AccuWeather की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली में बारिश की संभावना है, लेकिन मैच शुरू होने तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है।

कब-कैसे और कहां देखें मैच

भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े  7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के आधा घंटा पहले यानी 7 बजे मैदान पर उतरेंगे। मैच का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और  डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। हिंदी और अंग्रेजी में आप इस मैच की कमेंट्री टीवी पर सुन सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल पर फैनकोड के एप के जरिए मुकाबले का लाइव देख सकते हैं।

दोनों टीमों का स्क्वाड

भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर।

अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जदरान (कप्तान), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नंगेलिया खरोटे, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब।

ये भी पढ़ेंः- IND vs AFG: संजू-अभिषेक की तूफानी पारी, अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदकर भारत ने 2-0 से सीरीज पर किया कब्जा

अन्य प्रमुख खबरें