Bangladesh vs Pakistan 1st Test: बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान के बीच शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम मीरपुर में दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस मैच के हीरो नजमुल हुसैन शांतो (Najmul Hossain Shanto) और तेज गेंदबाज नाहिद राणा (Nahid Rana) रहे। बांग्लादेशी कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को दोनों पारियों में उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। इस जीत के साथ, मेजबान टीम ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का अगला मैच 16 मई से सिलहट में खेला जाएगा।
मैच के आखिरी दिन बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी 9 विकेट के नुकसान पर 240 रनों के स्कोर पर घोषित कर दी। कप्तान शांतो, जिन्होंने पहली पारी में शानदार शतक बनाया था, ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए दूसरी पारी में भी 87 रन बनाए। नतीजतन, पाकिस्तान को जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य मिला, जिसके लिए उनके पास लगभग 70 ओवर थे। जबकि बांग्लादेश के पास काम करने के लिए दो सत्रों से थोड़ा ही ज़्यादा समय था। बांग्लादेशी गेंदबाजों ने खास कर नाहिद राणा पाकिस्तान पर कहर बनकर टूट पड़े और पाकिस्तान को महज 163 रनों पर ही समेट दिया। अकेले राणा ने ही पाकिस्तान की आधी टीम को पवेलियन भेजा। बांग्लादेश ने यह मैच 104 रनों के बड़े अंतर जीता।
इससे पहले टॉस हारने और पहले बल्लेबाजी करने के लिए बुलाए जाने के बाद, बांग्लादेश की टीम अपनी पहली पारी में 413 रन बनाए। इस पारी में, कप्तान नजमुल हुसैन ने 101 रनों की पारी खेली जिसमें 2 छक्के और 12 चौके शामिल थे जबकि मोमिनुल हक ने टीम के कुल स्कोर में 91 रन जोड़े। मुशफिकुर रहीम ने 71 रनों का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से, मोहम्मद अब्बास 5 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट लिए। हसन अली और नौमान अली ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में, पाकिस्तानी टीम अपनी पहली पारी में कुल 386 रनों पर ही सीमित रह गई। अजान अवैस ने 103 रनों की पारी खेली, जबकि अब्दुल्ला फजल 60 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके अलावा, सलमान आगा ने 58 रनों का योगदान दिया और मोहम्मद रिजवान ने भी टीम के स्कोर में 59 रन जोड़े। विपक्षी टीम की ओर से, मेहदी हसन मिराज ने 5 विकेट लिए, जबकि तस्कीन अहमद और ताइजुल इस्लाम ने दो-दो विकेट लिए।
पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश को 27 रनों की बढ़त मिली। अपनी दूसरी पारी में, मेजबान टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर कुल 240 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान को जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य मिला। बांग्लादेश के लिए, कप्तान नजमुल ने इस पारी में सर्वाधिक 87 रन बनाए, जबकि मोमिनुल हक ने 56 रनों का योगदान दिया। मेहदी हसन 24 रन बनाकर आउट हो गए, और मुशफिकुर रहीम 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान की ओर से, हसन अली और नौमान अली ने इस पारी में तीन-तीन विकेट लिए। शाहीन अफरीदी ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद अब्बास को एक विकेट मिला।
इस लक्ष्य का पीछा करते हुए, पाकिस्तानी टीम अपनी दूसरी पारी में महज़ 163 रनों पर ही ढेर हो गई। मेहमान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही; पाकिस्तान को पहला झटका इमाम-उल-हक के आउट होने के रूप में तब लगा जब टीम का स्कोर सिर्फ 3 रन था। इसके बाद, अज़ान अवैस ने अब्दुल्ला फज़ल के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी करके पारी को संभालने की कोशिश की।
अब्दुल्ला फज़ल 113 गेंदों में 66 रन बनाकर आउट हुए जबकि सलमान आगा ने टीम के कुल स्कोर में 26 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा, सऊद शकील और मोहम्मद रिज़वान 15-15 रन बनाकर आउट हो गए। बांग्लादेश की ओर से, नाहिद राणा (Nahid Rana) सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 5 विकेट लिए। तस्कीन अहमद और ताइजुल इस्लाम ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मेहदी हसन को एक विकेट मिला। दो सालों में यह तीसरी बार है जब बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराया।
अन्य प्रमुख खबरें
DC vs PBKS Madhav Tiwari: पहले ही मैच में माधव तिवारी ने मचाया कोहराम, पंजाब के जबड़े से छीनी जीत
PBKS vs DC: पंजाब किंग्स ने लगाया हार का चौका, 3 विकेट से जीती दिल्ली, अक्षर-मिलर ने ठोके अर्धशतक
RCB vs MI IPL 2026: प्लेऑफ की रेस से MI-LSG बाहर, जीत के साथ टॉप पर पहुंची रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु