30-31 अक्टूबर को गुजरात दौरा करेंगे पीएम मोदी, बनासकांठा में 14 हजार करोड़ से अधिक की परियोजना की देंगे सौगात

खबर सार :-

पीएम मोदी 30 व 31 अक्टूबर को दो दिन गुजरात के दौरे पर रहेंगे। पीएम गुजरात के बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे।
बनासकांठा में 14000 करोड़ से अधिक की परियोजना का पीएम करेंगे शिलान्यास

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरे पर पीएम मोदी गुजरात के बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के तहत 19,000 करोड़ रुपये भी किसानों के खाते में भेजेंगे। साथ ही दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 

आनुवंशिक सुधार-उन्नत प्रजनन तकनीकों को मिलेगा बढ़ावा

पीएमओ कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 9:30 बजे प्रधानमंत्री बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ईटी-आईवीएफ) प्रयोगशाला और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) के पशु फार्म का दौरा करेंगे। इसके बाद पीएम सुबह करीब 10:30 बजे  विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस मौके पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी बनासकांठा के भिलड़ी में स्थापित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में 127 एकड़ में फैले इस केंद्र को विकसित किया गया है। इस केंद्र के निर्माण का मकसद गोवंश प्रजनन, आनुवंशिक सुधार और उन्नत प्रजनन तकनीकों को बढ़ावा देना है। इस केंद्र से नस्ल सुधार की प्रक्रिया में 10 से 20 गुना तक तेजी आने की उम्मीद है। यह कांकरजे नस्ल के मवेशियों के लिए देश में अपनी तरह की पहली सुविधा होगी।

एयरपोर्ट-गिफ्ट सिटी तक विस्तार परियोजना का शिलान्यास 

पीएम मोदी बनास डेयरी के तहत थराद और राधनपुर में दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला भी रखेंगे। दोनों संयंत्रों में रोजाना 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन गोबर का प्रसंस्करण किया जा सकेगा। पीएम अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के विस्तार के तहत एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी तक की विस्तार परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। एयरपोर्ट विस्तार के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन और 6 किलोमीटर से अधिक लंबा मार्ग विकसित किया जाएगा। वहीं, गिफ्ट सिटी विस्तार के तहत गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन और 3.3 किमी से अधिक लंबा मार्ग बनाया जाएगा। इसके अलावा 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (राज्य राजमार्ग-41) को फोर लेन से आठ लेन में अपग्रेड करने की परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। इस रोड के चौड़ीकरण से अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। पीएम मोदी गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। 361 पूरे हो चुके बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन करेंगे। 800 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस योजना से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिल सकेगा। 

521 परियोजनाओं को राष्ट्र को करेंगे समर्पित 

पीएम मोदी कृषि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 4,950 करोड़ रुपये की कुल परियोजना लागत वाली 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन, गोदाम, साइलो, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और कृषि उत्पादों के प्राथमिक एवं द्वितीयक प्रसंस्करण से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। पीएम सानादर में आलू प्रसंस्करण संयंत्र के विस्तार का उद्घाटन करेंगे और पालनपुर में अल्ट्रा-हाई टेम्परेचर (यूएचटी) उत्पादों के लिए स्वचालित भंडारण एवं पुनर्प्राप्ति प्रणाली (एएसआरएस) की शुरुआत करेंगे। रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए पीएम अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम-किसान सम्मान योजना की 24वीं किस्त के तहत 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे। इससे देशभर के किसानों को आर्थिक सहायता मिलेगी। साथ ही 12 स्वीकृत बागवानी क्लस्टरों में जमीनी स्तर पर गतिविधियों की शुरुआत भी होगी। 1.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इन क्लस्टरों से 1.3 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। उत्तर गुजरात के दो क्लस्टर आलू उत्पादन पर केंद्रित होंगे।

ये भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ पहुंचा dhamtari, मकान-दुकान, खेत-खलिहान पानी से भरे

अन्य प्रमुख खबरें