दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में, नरेला में 433 तक पहुंचा एक्यूआई

खबर सार :-

दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। अधिकतर इलाकों में एक्यूआई 400 को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर को हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
‘गैस चैंबर’ में तब्दील हुआ एनसीआर! कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार

खबर विस्तार : -

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरा NCR एक तरह से 'गैस चैंबर' में तब्दील हो गया है। हवा की गुणवत्ता इतनी खराब हो गई है कि सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, ज्यादातर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से 400 के बीच है, जबकि कई जगहों पर यह खतरनाक 400 के स्तर को भी पार कर गया है। राजधानी दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (DPCC) और अन्य निगरानी एजेंसियों के आंकड़ों से पता चलता है कि कई इलाकों की हवा जहरीली हो गई है।

नरेला में सबसे ज्यादा प्रदूषण

सबसे ज्यादा प्रदूषण नरेला में दर्ज किया गया, जहां AQI 433 तक पहुंच गया। अन्य इलाकों में नॉर्थ कैंपस (DU) में 422, पूसा में 416 और NSUT जाफरपुर में 396 AQI दर्ज किया गया। पंजाबी बाग (394), NSIT द्वारका (388), पटपड़गंज (334) और ओखला फेज-2 (315) जैसी जगहों पर हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' (very poor) श्रेणी में बनी हुई है। पूसा में भी स्थिति गंभीर है, जहां AQI 304 है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी स्थिति गंभीर

दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा भी लगातार जहरीली होती जा रही है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 439 तक पहुंच गया है, जो 'गंभीर' (severe) श्रेणी में आता है। अन्य इलाकों में सेक्टर-110 में 321, सेक्टर-39 में 282, सेक्टर-150 में 278, सेक्टर-116 में 253, सेक्टर-1 में 237 और सेक्टर-125 में 223 AQI दर्ज किया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में भी हालात उतने ही चिंताजनक हैं। नॉलेज पार्क-V में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 357, घोड़ी बछेड़ा में 352, गौर यमुना सिटी में 317, नॉलेज पार्क-III में 312 और शिव नादर यूनिवर्सिटी में 295 दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ेंः- 'हिंद के जवाहर' देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू की जयंती पर राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

लोनी में 400 के स्तर तक पहुंचा AQI

गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बहुत अधिक है। नई तहसील-लोनी में AQI 400 तक पहुंच गया है। अन्य जगहों पर दर्ज किए गए AQI स्तर इस प्रकार हैं: दसना देहात में 390, वेव सिटी में 384, लोनी में 374, वसुंधरा में 366, इंदिरापुरम में 361, वेद विहार-लोनी में 322 और संजय नगर में 318। गोविंदपुरम की स्थिति थोड़ी बेहतर है, जहां AQI 205 है, हालांकि यह भी सुरक्षित स्तर से काफी ऊपर है। प्रदूषण के इस बढ़ते संकट के बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने थोड़ी उम्मीद जगाई है।

15 नवंबर को हल्की बारिश की संभावना

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 नवंबर को दिल्ली-NCR में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग के मुताबिक, आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे मौजूदा प्रदूषण के स्तर से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, 14, 16, 17, 18 और 19 नवंबर को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26°C से 28°C के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 14°C से 17°C के बीच रह सकता है। नमी का स्तर 95 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जिससे स्मॉग और कोहरे की परत और भी घनी हो सकती है। फिलहाल, वातावरण में मौजूद घना स्मॉग और धुंध, खासकर सुबह के समय, लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कतें पैदा कर रही है। सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने की वजह से वाहनों की रफ्तार पर भी असर पड़ रहा है।

ये भी पढ़ेंः- Bengaluru: केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नम्मा मेट्रो के तीन स्टेशनों को मिले नए नाम

अन्य प्रमुख खबरें