‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर शाहजहांपुर में भव्य संगोष्ठी, छात्रों ने किया सामूहिक गान

खबर सार :-
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), शाहजहाँपुर महानगर ने 'वंदे मातरम' गीत के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अटल बिहारी वाजपेई सभागार में एक भव्य संगोष्ठी और समूह गायन कार्यक्रम का आयोजन किया।

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर शाहजहांपुर में भव्य संगोष्ठी, छात्रों ने किया सामूहिक गान
खबर विस्तार : -

शाहजहांपुरः शाहजहांपुर में ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवमयी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर अर्चना वर्मा, मुख्य वक्ता प्रांत सह-मंत्री पायल गिहार, विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, महानगर अध्यक्ष डॉ. रानू दुबे एवं महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव द्वारा मां शारदे और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगौरव के इस ऐतिहासिक क्षण को गर्व और उत्साह के साथ मनाया।

महापौर ने किया लोगों को संबोधित

मुख्य अतिथि अर्चना वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा रहा है। यह गीत उस दौर में जन-जन के भीतर देशभक्ति की भावना जगाने का माध्यम बना, जब देश अंग्रेजी हुकूमत के अधीन था। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी इस विरासत को सहेजते हुए आगे बढ़ा रही है, जो राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

मुख्य वक्ता पायल गिहार ने अपने उद्बोधन में ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसे महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने रचा था। यह गीत उनके प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंदमठ’ से लिया गया है और उस समय यह क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ आज भी भारतीय संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है।

महानगर मंत्री आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने के लिए कार्य करती रही है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को देश के इतिहास और बलिदानों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को सशक्त बनाते हैं।

वंदे मातरम् का हुआ सामूहिक गान

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और छात्र-छात्राओं ने एक साथ खड़े होकर अनुशासित ढंग से ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान किया। इस दौरान पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति के स्वर से गूंज उठा और वातावरण में एक अलग ही ऊर्जा महसूस की गई।

इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री राहुल गंगवार, जिला संगठन मंत्री संदीप सागर, जिला संयोजक वैभव सक्सैना, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, वैभव खन्ना, आनंद प्रताप सिंह, करन सिंह, अक्षय सक्सेना, सौम्या गुप्ता, जय मौर्य, आशुतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक महत्ता को स्मरण करने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में भी सफल रहा।

अन्य प्रमुख खबरें